फतेहाबाद/भूना। पंचायत विभाग प्रदेश के गांवों में एक हजार डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करेगा। शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में एक हजार लाइब्रेरी की शुरुआत प्रथम चरण के तहत की जाएगी। यह जानकारी विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने गांव डूल्ट में डॉ. भीमराव आंबेडकर भवन व डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन करते हुए दी। उन्होंने गांव म्योंद खुर्द में जिम व गांव लोहाखेड़ा में डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। मंत्री ने लाइब्रेरी का निरीक्षण कर बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए डिजिटल माध्यम से दी जाने वाली शिक्षा के बारे में भी जानकारी ली।
मंत्री ने कहा कि पंचायत विभाग की ओर से प्रदेश के गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी खोलने की दिशा में काम किया जाएगा। इसकी विधिवत शुरुआत गांव डूल्ट से बाबा साहेब के जन्मदिवस पर की जा गई है। प्रदेश में 6225 पंचायतें है। एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में प्रथम चरण के तहत एक हजार लाइब्रेरी खोली जाएगी। पंचायत विभाग की पूरे प्रदेश में 3200 बिल्डिंग है, उन सभी में आने वाले समय में लाइब्रेरी खोली जाएगी ताकि बच्चे पढ़ सकें और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सके। इन लाइब्रेरियों के खुलने से शिक्षा के स्तर में सुधार आएगा। अब बच्चों को कोचिंग के लिए बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। उनके गांवों में ही लाइब्रेरी की सुविधा मिलने से वे तैयारी कर सकेंगे। डिजिटल लाइब्रेरी में इंटरनेट सुविधा होगी ताकि बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अन्य संस्थानों के साथ जुड़कर तैयारियों संबंधी जानकारियां प्राप्त कर सकें। प्रत्येक लाइब्रेरी में फाइबर आधारित बीएसएनएल इंटरनेट सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा बच्चों को कंप्यूटर की सुविधाएं भी मिलेंगी। जनप्रतिनिधि और छात्र जहां लाइब्रेरी खोलने की डिमांड करेंगे, वहां पंचायत विभाग ऐसी लाइब्रेरी स्थापित करेगा।
इस मौके पर पंचायत विभाग के चीफ इंजीनियर शंकर जिंदल, एसई कुलवंत जाखड़, एसडीएम राजेश कुमार, एक्सईएन देवेंद्र सिंह, बीडीपीओ नरेंद्र सिंह, बलराज चौहान, सुखविंद्र सिंह, ताराचंद, एसडीओ दलबीर सिंह, नरेंद्र कुंडू, जेई रविंद्र कुमार, विक्की नहला, विकास कुमार, हरदीप सिंह, ग्राम सचिव राजेश शर्मा, जयपाल सिंह, अमित सिंगला आदि मौजूद थे।
गांवों में शहरों जैसी सुविधाएं देने के लिए ब्लू प्रिंट कर रहे तैयार
बबली ने कहा कि हरियाणा के गांवों में शहरों जैसी सुविधाएं मिले, इसके लिए विकास एवं पंचायत विभाग पूरे प्रदेश का ब्लू प्रिंट तैयार कर रहा है। गांवों में किस प्रकार की क्या सुविधा विकसित हो सकती है, उस पर काम हो रहा है। महिलाओं के लिए गांव में संस्कृति भवन बनाए जाएंगे, जहां पर महिलाएं बैठकर अपने विचार साझा करेंगी, वहीं सामाजिक और धार्मिक गतिविधियां कर सकेंगी।