फतेहाबाद। जिला नागरिक अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर बंद होने के कारण गर्भवती की सिजेरियन डिलीवरी प्रभावित हो रही है। मरम्मत और लेटलतीफी से गर्भवती को करीब 29 किलोमीटर दूर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है। कई महिलाएं वहां न जाकर निजी अस्पतालों में डिलीवरी करवा रही हैं जिससे उन्हें 30 से 35 हजार रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।
नागरिक अस्पताल में 23 जनवरी से सिजेरियन डिलीवरी प्रभावित है। अस्पताल प्रशासन ने ऑपरेशन थियेटर में 10 दिन के लिए मरम्मत कार्य शुरू किया था। अस्पताल में 15 फरवरी से सिजेरियन डिलीवरी फिर बंद की जा चुकी है। अस्पताल से रोजाना दो सिजेरियन डिलीवरी केस अग्रोहा मेडिकल रेफर हो रहे हैं।
अस्पताल में मरम्मत कार्य के चलते बंद किए गए ऑपरेशन थियेटर के कारण 75 डिलीवरी केस अग्रोहा मेडिकल रेफर हो चुके हैं। हालात यह है कि सीएचसी भट्टूकलां, भूना और पीएचसी से डिलीवरी केसों को सीधा अग्रोहा मेडिकल ले जाया जा रहा है। कर्मचारियों ने बताया कि यहां पर सिजेरियन सुविधा न होने के कारण मरीज को पहले ही बताया जा रहा है और सीधा अग्रोहा मेडिकल छोड़ा जा रहा है।
-
अग्रोहा भेजे जाने से आने-जाने का खर्च बढ़ा
नागरिक अस्पताल में पत्नी को डिलीवरी के लिए लेकर आए तो बताया गया कि ऑपरेशन करना होगा। इसकी यहां पर सुविधा नहीं है, इसलिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज जाना होगा। अग्रोहा आने-जाने के खर्च और रुकने की सुविधा न होने के कारण निजी अस्पताल में ले गए। यहां पर 31 हजार रुपये खर्च आया है।
-जगरूप सिंह, निवासी फतेहाबाद।
-
प्रशासन को ऑपरेशन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए। गरीब व्यक्ति अग्रोहा और फतेहाबाद के बीच एक सप्ताह तक चक्कर काटता ही रह जाएगा। मेरी पत्नी को डिलीवरी के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। वहां पर ऑपरेशन हुआ तो एक सप्ताह तक चक्कर काटते रह जाएंगे, इसमें काफी खर्चा होगा।
-राममोहन, निवासी फतेहाबाद।
डिलीवरी के लिए आईं गर्भवती - 3911
सामान्य डिलीवरी - 2427
सिजेरियन - 953
रेफर = 531
ये आंकड़ा वर्ष 2024-2025 का है।
-
अस्पताल में सामान्य ऑपरेशन भी बंद
नागरिक अस्पताल में 23 जनवरी से सामान्य ऑपरेशन बंद है। आयुष्मान भारत योजना के तहत लगाए गए शिविर के दौरान पांच दिन के लिए ओटी शुरू की गई थी, इस दौरान ऑपरेशन किए गए थे लेकिन इसके बाद जनरल सर्जन, ईएनटी, नेत्र रोग विशेषज्ञ के ऑपरेशन भी बंद हैं।
-
नागरिक अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर बंद होने से मरीजों को परेशानी हो रही है, हालांकि अग्रोहा मेडिकल प्रशासन को पत्र लिखा जा चुका है। अभी ओटी शुरू होने में 15 से 20 दिन का समय लगेगा। लोक निर्माण विभाग के इलेक्ट्रिक विंग के अधिकारियों को कहा गया है कि जल्द से जल्द काम पूरा करके दें ताकि मरीजों को दिक्कत न आए।
-डॉ. बुधराम, सिविल सर्जन