फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में ओपीडी के बाहर बैठे उपचार के लिए पहुंचे मरीज। संवाद
फतेहाबाद। मौसम में बदलाव के साथ ही नागरिक अस्पतालों में ओपीडी का समय भी बदलने जा रहा है। अब मरीजों को डॉक्टरों से परामर्श लेने के लिए सुबह एक घंटा देरी से पहुंचना होगा। 16 अक्तूबर से नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में ओपीडी सुबह 9 बजे शुरू होगी और दोपहर तीन बजे तक चलेगी। हालांकि मरीज रजिस्ट्रेशन काउंटर आधा घंटा पहले शुरू हो जाएगा। नई समय-सारिणी 15 अप्रैल तक लागू रहेगी।
फतेहाबाद के अलावा रतिया और टोहाना के अस्पतालों में भी ओपीडी का समय बदला जाएगा। अब तक अस्पतालों में सुबह आठ बजे से ओपीडी शुरू होती थी। नई व्यवस्था के तहत ओपीडी शुरू होने और खत्म होने, दोनों का समय एक घंटा आगे बढ़ा दिया गया है। इससे मरीजों को डॉक्टरों से परामर्श लेने के लिए सुबह पहले की तुलना में कुछ देर बाद अस्पताल पहुंचना होगा।
रोजाना 1200 मरीज पहुंचते हैं अस्पताल
नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में रोजाना करीब 1200 मरीज ओपीडी में जांच कराने पहुंचते हैं। मरीजों को सलाह है कि अस्पताल आने से पहले नए समय का ध्यान रखें ताकि उन्हें जांच और परामर्श के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। नागरिक अस्पताल में मुख्य तौर पर महिला रोग, दंत रोग, हड्डी रोग, बाल रोग, कान-नाक गला रोग, नेत्र रोग, छाती रोग, मनोरोग और चर्म रोग विशेषज्ञ की ओपीडी है।
-
अस्पतालों में ओपीडी का बदला हुआ समय 16 अक्तूबर से लागू होकर 15 अप्रैल तक जारी रहेगा। इसके बाद समय-सारिणी में फिर बदलाव होगा। नई व्यवस्था के तहत डॉक्टर सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक मरीजों की जांच करेंगे।
डॉ.बुधराम, सिविल सर्जन