फतेहाबाद। साइबर ठगों ने एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी पर बेहतर रिटर्न दिलाने का झांसा देकर भारतीय सेना में तैनात हवलदार गगनप्रीत सिंह से 2,31,125 रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना फतेहाबाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी राहुल कुमार के अनुसार, पुलिस को दी शिकायत में गांव ब्राह्मणवाला प्लाटा निवासी गगनप्रीत सिंह ने बताया कि वह अरुणाचल प्रदेश में सिक्ख लाइट इन्फैंट्री में हवलदार के पद पर तैनात है। सात अगस्त को उसके पास एक फोन आया। कॉल करने वाली महिला ने खुद को एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस की कर्मचारी नीलम शर्मा बताया। उसने कहा कि उसकी पॉलिसी घाटे में चल रही है। साथ ही 51,125 रुपये जमा कराने पर तीन सितंबर तक 4,06,475 रुपये मिलने का भरोसा दिया।
महिला के झांसे में आकर गगनप्रीत सिंह ने बताए गए स्कैनर के माध्यम से रकम भेज दी। इसके बाद आरोपियों ने उसे 10 लाख रुपये तक का राइडर प्लान देने और 18 प्रतिशत जीएसटी जमा कराने के नाम पर दबाव बनाया। इस बहाने उससे अलग-अलग तारीखों में 1.80 लाख रुपये और जमा करवा लिए गए।
बाद में आरोपियों ने उससे संपर्क बंद कर दिया। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। 12 अक्तूबर को प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस वर्ष अब तक 74 प्राथमिकी दर्ज :
जिले में साइबर अपराध के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब पढ़े-लिखे लोग भी साइबर ठगों के जाल में फंसकर अपनी मेहनत की कमाई गंवा रहे हैं। जिले में साइबर अपराध से संबंधित इस वर्ष अब तक 74 प्राथमिकी दर्ज हो चुकी हैं। पुलिस की ओर से लोगों काे निरंतर जागरूक भी किया जा रहा है।