नागरिक अस्पताल में मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे डॉक्टर।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल के डॉक्टर अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार को सुबह 9 बजे से लेकर 11 बजे तक हड़ताल पर रहे। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेस एसोसिएशन के आह्वान पर जिला प्रधान डॉ. हनुमान सिंह के नेतृत्व में डॉक्टर हड़ताल पर रहे। हड़ताल में नागरिक अस्पताल के चिकित्सक वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश चौधरी, मनोचिकित्सक डॉ. गिरीश, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीत, ईएनटी डॉ. जेपी, एनेथिसिया डॉ. सुभाष, डॉ. हिमेश आदि डॉक्टर शामिल हुए।
डॉक्टरों की हड़ताल के चलते ओपीडी 9 बजे की जगह 11 बजे शुरू हुई। इसके चलते ओपीडी के बाहर मरीज इंतजार करते रहे और लाइन लग गई। महिला रोग विशेषज्ञ, ईएनटी, मनोचिकित्सक और चर्म रोग विशेषज्ञ की ओपीडी सबसे ज्यादा प्रभावित हुई। मरीजों को दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं चलती रहीं। जिला प्रधान डॉ. हनुमान ने बताया कि वर्ष 2015 में एसएमओ की सीधी भर्ती पर रोक लगा दी गई थी लेकिन अब दोबारा शुरू कर दी गई है और एसोसिएशन इसको लेकर अपना पक्ष सरकार के सामने रख चुकी है। उनकी मांग है कि एसएमओ की सीधी भर्ती पर रोक लगाई जाए, इसके अलावा पीजी को लेकर पॉलिसी तैयार की जाए। अगर सरकार अब भी नहीं मानी तो एसोसिएशन सख्त कदम उठाएगी।