प्राइवेट स्कूलों द्वारा अधूरी आनलाइन शिक्षा देने और मासिक फीस पूरी लेने के खिलाफ अभिभावक एक बार फिर से एकजुट हो गए हैं। मासिक फीस में छूट की मांग को लेकर रविवार को प्राइवेट स्कूल अभिभावक एसोसिएशन की बैठक पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क जगजीवनपुरा में हुई। पार्क में अलग-अलग प्राइवेट स्कूलों में पढ़ रहे विद्यार्थियों के अभिभावक बैठक में पहुंचे।
बैठक में पहुंचे अभिभावक दीपक कुमार, राजकुमार, सर्वदीप सिंह, विकास कुमार आदि ने कहा कि बच्चों को स्कूल का काम कोविड-19 के चलते मोबाइल पर भेजा जा रहा है। बच्चे कोरोना के चलते स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। बच्चों के स्कूल न जाने के कारण नियमानुसार नो क्लास नो फीस होनी चाहिए लेकिन अभिभावक स्कूल की मासिक फीस देना चाहते हैं लेकिन प्राइवेट स्कूल संचालक प्राइवेट बर्बरता पूर्ण रवैया अपनाकर पूरी फीस लेना चाहते हैं जिसको अभिभावक किसी भी हालात में सहन नहीं करेंगे। प्राइवेट स्कूलों की मनमानी को लेकर अभिभावक एकजुट होंगे और इसको लेकर रूपरेखा तैयार करके अधिकारियों से मिला जाएगा।
व्हाट्सएप पर अभिभावकों को जोड़ रहे सदस्य : प्राइवेट स्कूलों द्वारा फीस में छूट न देने से खफा अभिभावकों ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है। जिसमें अभिभावकों को जोड़ा जा रहा है। ग्रुप में अभिभावक अपना दर्द भी ब्यां कर रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि शहर के बड़े-बड़े स्कूलों से फीस को लेकर छूट की मांग की जाती है तो वह दुर्व्यवहार करते हैं। अगर कोई फीस नहीं देता है तो उस विद्यार्थी को ग्रुप से निकाला जा रहा है।