टोहाना। चंडीगढ़ रोड पर पेट्रोल पंप पर लगे एटीएम पर तीन लोगों ने एक युवक का डेबिट कार्ड बदलकर उसके खाते से एक लाख 30 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। शहर पुलिस ने इस संबंध में पीड़ित के भाई की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ चोरी व धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में नरवाना के गांव सुलहेड़ा निवासी सोनू ने बताया कि उसका भाई रवि टोहाना के चंडीगढ़ रोड पर स्थित पेट्रोल पंप पर लगे पीएनबी के एटीएम से रुपये निकलवाने गया था। इस दौरान वहां मौजूद तीन लोगों ने मदद के बहाने उसके भाई से यूनियन बैंक का डेबिट कार्ड लेकर अन्य कार्ड दे दिया। रात के समय उसके भाई के मोबाइल पर खाते से एक लाख तीस हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज प्राप्त हुआ। उसने बताया कि रवि ने अपना पिन व ओटीपी किसी को नहीं बताया, लेकिन उसके बावजूद खाते से रुपये चुरा लिए गए हैं। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।