फतेहाबाद के अग्रवाल कॉलोनी में दीपावली की रात को दिन में हुए मामूली विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। झगड़े में एक गुट ने दूसरे के घर में घुसकर हमला कर दिया और हवाई फायरिंग कर दी। इस दौरान एक लड़की के हाथ पर गोली लग गई। लड़की के अलावा उसके माता-पिता भी मारपीट में घायल हो गए। जिन्हें नागरिक अस्पताल लाया गया, यहां से रेफर कर दिया गया। शहर थाना प्रभारी प्रह्लाद का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ हत्या प्रयास के आरोप में कार्यवाही की जा रही है।
अग्रवाल कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय दिनकर वीरवार दोपहर को भट्टू रोड पर एक किरयाना की दुकान पर खड़ा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अंजलि कॉलोनी निवासी महिला के साथ किसी बात को लेकर उसका आपस में झगड़ा हो गया। झगड़े के बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए। रात को दिनकर जब अपने घर पर परिवार के साथ था तो इसी दौरान घर के बाहर कार पर कुछ लोग आए।
कार में वही महिला और दो-तीन अन्य युवक सवार थे और उन्होंने आकर मारपीट शुरू कर दी। जानकारी मिली है कि कार सवार युवकों ने गोली चला दी, जो दिनकर की बेटी चंदा के हाथ पर जा लगी। इस घटना में चंदा के अलावा उसके पिता दिनकर व मां मोती को भी चोटें लगी। जिन्हें नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया।