फतेहाबाद। होली पर्व के दिन जनस्वास्थ्य विभाग ने शहरवासियों को दस मिनट अतिरिक्त पेयजल सप्लाई देने का फैसला लिया है। शहर में दो व तीन समय दी जाने वाली पेयजल सप्लाई के दौरान दस मिनट अतिरिक्त रहेंगे। हालांकि, विभाग की टीमों ने लोगों से होली पर्व के दौरान पेयजल की बर्बादी नहीं करने का भी आह्वान किया है। सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र भादू के अनुसार होली के दिन जिला नागरिक अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में दो-दो चिकित्सकों की विशेष ड्यूटी रहेगी। उनके साथ दो-दो स्टाफ नर्स की भी ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर स्पेशलिस्ट चिकित्सक को फोन करके बुलाया जाएगा।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी होली के दिन नागरिक अस्पताल में ड्यूटी देने के लिए चिकित्सकों की विशेष तैनाती कर दी गई है। ड्यूटी रोस्टर बनाया गया है ताकि होली के दिन अस्पताल पहुंचने वाले किसी भी मरीज को परेशानी न झेलनी पड़े। इसके अलावा पुलिस भी हुड़दंगबाजी करने वालों से निपटने के लिए गश्त पर रहेगी। गौरतलब है कि रविवार को होली रहेगी जबकि सोमवार को फाग खेला जाएगा। भद्रा के अनुसार होलिका दहन का समय रात साढ़े 10 बजे होगा। 24 मार्च को भद्रा काल सुबह 9.47 बजे आरंभ होगा। भद्रा का विशेष प्रभाव शाम 6.33 से रात 10.27 तक रहेगा। भद्रा काल में होलिका दहन करना अशुभ माना गया है। इसलिए भद्रा काल खत्म होने के बाद ही होलिका दहन करना सही रहेगा।
होली के दिन चार गुना पेयजल खपत बढ़ने की संभावना
जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार होली के दिन पानी की चार गुना खपत बढ़ जाती है। अगर हर्बल गुलाल व फूलों के जरिये होली खेली जाए, तो पेयजल की बचत की जा सकती है। होली खेलने के दौरान पानी बर्बादी के अलावा रंगों से खराब हुए कपड़ों को धोने में भी खूब पानी लगता है। सिंचाई विभाग द्वारा 28 मार्च से नहरबंदी की जानी है, ऐसे में आगामी दिनों में पानी की किल्लत झेलनी पड़ सकती है। खासकर, ग्रामीणों इलाकों में पीने के पानी की ज्यादा दिक्कत होगी। इसलिए होली के दिन ज्यादा पानी बर्बाद न करने पर जोर दिया जा रहा है।
फाग के दिन न करें रोडवेज बसों का इंतजार
रोडवेज के चालक-परिचालक होली के दिन ही सवारियों को गंतव्य तक पहुंचाएंगे। इसके बाद फाग के दिन रोडवेज कर्मचारी भी रंग-गुलाल लगाते हुए धमाल मचाएंगे। ऐसी स्थिति में रोडवेज की बसों का परिचालन हो पाना मुश्किल होगा। रोडवेज कर्मचारी यूनियन के नेताओं ने यात्रियों को सोमवार को फाग के दिन रोडवेज बसों का इंतजार नहीं करने की नसीहत दी है।
कोट
होली के दिन पानी की खपत ज्यादा बढ़ जाती है। इसलिए शहर के हर मोहल्ले की पेयजल सप्लाई के समय में आम दिनों के बजाय 10 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। शहरवासियों से अपील है कि पीने के पानी की बर्बादी न करें। गुलाल या सूखा रंग लगाकर होली खेलें।
सतपाल रोज, एसडीओ, जनस्वास्थ्य एवं आभियांत्रिकी विभाग, फतेहाबाद