जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। कोरोना संक्रमण एक बार फिर से पलटवार करने लगा है। हालात पिछले साल के जुलाई माह जैसे हो रहे हैं। वीरवार को जिले में कोरोना संक्रमण के 39 मामले सामने आए हैं। इसमें सरकारी और निजी स्कूलों के सात छात्र और छह शिक्षक शामिल हैं। इसके अलावा जिले में कोरोना संक्रमित 90 वर्षीय टोहाना निवासी बुजुर्ग महिला की मौत हुई है। बुजुर्ग महिला की बुधवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी और अग्रोहा मेडिकल में उपचार चल रहा था।
बता दें कि जिले में मार्च माह में कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा चार तक पहुंच गया है। जिले में अब तक 123 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक जाखल के सरकारी स्कूल के तीन छात्र, एक शिक्षक, गाजूवाला सरकारी स्कूल के दो शिक्षक, टोहाना के सरकारी स्कूल की एक छात्रा, टोहाना के निजी स्कूल के तीन शिक्षक और एक छात्र और गांव बड़ोपल के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा कोरोना संक्रमित मिली हैं। इसके अलावा गांव बीघड़ निवासी 36 वर्षीय युवक, मॉडल टाउन फतेहाबाद निवासी युवती, गांव धांगड़ निवासी युवक, भूना निवासी युवक, टोहाना निवासी युवक, ढाणी डुल्ट निवासी युवती, भूना निवासी महिला, भूना निवासी बुजुर्ग महिला, गांव नाढोडी निवासी दंपत्ति, भट्टूमंडी निवासी महिला, रतिया निवासी युवती, गांव अयाल्की निवासी बुजुर्ग, नागपुर निवासी युवती, ढाबी कलां निवासी दंपत्ती, फतेहाबाद के मॉडल टाउन निवासी बुजुर्ग महिला कोरोना संक्रमित मिली है।
पिछले साल के जुलाई जैसे जिले में बने हालात
जिले में कोरोना संक्रमण का पहला मामला पिछले साल अप्रैल माह में आया था। जून माह में बढ़ोतरी शुरू हुई थी। पिछले साल जुलाई माह में 207 केस थे लेकिन अब मार्च माह में कुल केसों का आंकड़ा 245 तक पहुंच गया है। पिछले साल सितंबर माह में कोरोन पीक पर था। जिले अभी हालात ये हैं कि 197 मरीज सक्रिय है।
544 बुजुर्गों को लगाया गया टीका
जिले में वीरवार को कोरोना टीकाकरण के लिए 22 सेशन लगाए गए। 674 लोगों को वैक्सीन की पहली और 31 को दूसरी डोज लगी। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 19 स्वास्थ्यकर्मियों ने पहली और 14 ने दूसरी, 26 फ्रंटलाइन वर्कर्स ने पहली और 17 ने दूसरी डोज लगवाई। गंभीर बीमारी से पीड़ित 85 लोगों तथा 544 बुजुर्गों ने कोरोना से बचाव का टीका लगवाया।
कोट
जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है, ऐसे में ज्यादा सावधानी की जरूरत है। जो भी पात्र है वह टीका जरूर लगवाएं। इसके अलावा कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए मास्क जरूर लगाएं।
- डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी अधिकारी।