संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। सुरक्षित यातायात को लेकर प्रदेश सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, मगर अधिकारियों की लापरवाही के कारण समय पर बजट नहीं लग पाता है। पिछले कुछ दिनों से हो रहे हादसे ब्यां कर रहे हैं कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सड़क सुरक्षा को लेकर बिल्कुल भी चिंतित नहीं है।
एक सप्ताह पहले माजरा-भिरडाना रोड पर सड़क में गड्ढा होने के कारण बाइक सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी हुआ। शनिवार रात को भी गांव बनमंदोरी निवासी अंशुल बैनीवाल की कार फतेहाबाद से बरसीन तक बने डिवाइडर से जा टकराई। अंशुल ने बताया कि डिवाइडर की शुरुआत में रिफ्लेक्टिंग बोर्ड नहीं लगे होने के कारण यह हादसा हुआ है। पिछले दो साल से बन रही इस सड़क पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ऐसा नहीं है कि कोई अधिकारी या नेता इस सड़क से नहीं गुजरता है। मगर विडंबना है कि देखने के बावजूद अधिकारी हादसों को लेकर अनभिज्ञ है।
फतेहाबाद से सुरेवाला चौक तक बने स्टेट हाईवे में कई जगहों पर डेथ प्वाइंट बने हुए हैं, जिन्हें दुरुस्त करवाए जाने की जरूरत है। शहर से माजरा होते हुए भिरड़ाना जाने वाली सड़क की बर्म सही नहीं होने के कारण हादसे होते हैं। पिछले तीन साल में इस सड़क पर लगभग सात लोग विभाग की लापरवाही के कारण जान गवां चुके हैं। इसके अलावा अहरवां से शेखुपुर, अयाल्की से हड़ोली, नागपुर से फतेहाबाद, गोरखपुर से खजूरी जांटी सड़क पर भी गहरे गड्ढे बने हुए हैं।
:::::::::::::::::::::
फतेहाबाद से बरसीन की सड़क नई बनवाई जा रही है। निर्माण कर रही एजेंसी को कह दिया है कि सड़क पर जो भी कमी है, उसे दूर किया जाए। सुरक्षित आवागमन को लेकर हमारा विभाग प्रतिबद्धता से काम कर रहा है। - केसी कंबोज, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग फतेहाबाद।