फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में कोरोना सैंपल लेता स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। कोरोना से बचाव का टीकाकरण अभियान जिले में थम गया है, रोजाना अब टीकाकरण मात्र 500 से 600 लोगों का ही हो रहा है। सेंटरों पर टीकाकरण के लिए लोग आ ही नहीं रहे हैं, हालात ये हैं कि कई सेंटरों पर रोजाना 15 से 20 डोज ही लग पा रही है। कोरोना टीकाकरण को लेकर अधिकारी भी फिलहाल गंभीर नहीं हैं, इसके पीछे कारण ये बताया जा रहा है कि 27 फरवरी को पोलिया अभियान चलेगा।
पल्स पोलिया अभियान के चलते स्वास्थ्य विभाग के अफसर कोरोना टीकाकरण को लेकर रणनीति तैयार नहीं कर पा रहे हैं। इसके अलावा न ही स्कूलों में टीकाकरण कैंप लग रहे हैं। जिले में करीब 86 फीसदी को पहली डोज और 60 फीसदी लोगों ने ही दूसरी डोज लगवाई है। अधिकारियों का कहना है कि कोरोना संक्रमण कम होने के कारण लोगों का भय खत्म हो गया है, इसी वजह से टीकाकरण के लिए लोग आगे नहीं आ रहे हैं।
जिले में टीकाकरण का लक्ष्य : 7 लाख 80 हजार
पहली डोज लगी : 6 लाख 74 हजार 843
दूसरी डोज लगी : 4 लाख 62 हजार 140
जिले में चार नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले केस मिले, 9 हुए स्वस्थ
कोरोना संक्रमण के जिले में चार नए केस मिले हैं और 9 स्वस्थ हुए हैं। जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या 24 हो गई है। कोई भी संक्रमित अस्पताल में दाखिल नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक फतेहाबाद क्षेत्र में दो और भट्टू और टोहाना क्षेत्र में एक-एक नया केस मिला है। शुक्रवार को जिले में कोरोना के 444 सैंपल लिए गए है। लैब से अभी 335 आरटीपीसीआर सैंपलों की रिपोर्ट आनी है।
कोट
कोरोना टीकाकरण के लिए लोग नहीं आ रहे हैं। टीम फील्ड में जाकर जागरूक भी कर चुकी है। पोलिया अभियान के बाद इसको लेकर रणनीति तैयार की जाएगी और जो लोग रह गए हैं, उनका टीकाकरण करवाया जाएगा।
- डॉ. सुनीता सोखी, उप सिविल सर्जन