भूना। ग्राम पंचायत भट्टू में मंगलवार को प्रशासनिक टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। पंचायत की शामलाती जमीन पर दो मकान बनाकर कब्जा किया गया था।
सरपंच की शिकायत पर बीडीपीओ ने निरीक्षण किया और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति के बाद कार्रवाई की गई। ग्राम पंचायत की आंगनबाड़ी और महिला चौपाल के पास खाली पड़ी दो कनाल जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया था।
पंचायत के अनुसार पहले भी इस जमीन पर कब्जे का प्रयास किया गया था, लेकिन पंचायत की सतर्कता के चलते कब्जा नही हो पाया। अब करीब 20 दिन पहले रातों-रात दो मकान बना लिए गए।
सरपंच किरणदीप कौर ने इसकी शिकायत खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अनिल कुमार से की। बीडीपीओ ने ग्राम सचिव रामनिवास के साथ मौके का निरीक्षण किया। कब्जाधारियों को जमीन खाली करने के निर्देश दिए, लेकिन उन्होंने इन्कार कर दिया।
कब्जाधारियों से दस्तावेज मांगे, नहीं दे सके कोई प्रमाण
बीडीपीओ ने उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेज ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाने की सिफारिश की। मंगलवार को एग्रीकल्चर विभाग के उपमंडल अधिकारी संजय सेलवाल बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। कब्जाधारियों से दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई प्रमाण नहीं दे सके। सरपंच ने जमीन से जुड़े सभी दस्तावेज पेश किए। इसके बाद प्रशासन की टीम ने बुलडोजर से दोनों मकान गिरा दिए। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने पंचायत को कब्जा मुक्त जमीन सौंप दी।
ग्राम सचिवालय और लाइब्रेरी बनेगी
सरपंच किरणदीप कौर ने बताया कि खसरा नंबर 105 की 17 मरले जमीन पर आंगनबाड़ी और महिला चौपाल पहले से चल रही है। दो कनाल जमीन खाली थी। सरकार ने 60 लाख रुपये की लागत से ग्रामीण ज्ञान केंद्र और लाइब्रेरी बनाने के लिए राशि मंजूर की है। जल्द इसको लेकर काम शुरू कर दिया जाएगा।