फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में नर्सिग ऑफिसर की हड़ताल दौरान शिविर में इंतजार करते हुए गर्भवती
फतेहाबाद। जिलेभर के सरकारी अस्पतालों में तैनात नर्सिंग ऑफिसर महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया के खिलाफ मंगलवार सुबह 10 से 12 बजे तक हड़ताल पर रहे। ऑल इंडिया नर्सिंग ऑफिसर के आह्वान पर दो घंटे हड़ताल रखी और परिसर में धरना देकर नारेबाजी की। इस दौरान इमरजेंसी और लेबर कक्ष में सेवाएं जारी रही लेकिन ओपीडी और शिविर में नर्सिंग ऑफिसर ने दो घंटे सेवाएं नहीं दी।
अस्पताल में मंगलवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती के लिए शिविर लगाया गया। सुबह 8 से 10 बजे तक रजिस्ट्रेशन और स्क्रीनिंग हुई लेकिन 10 से 12 बजे तक नर्सिंग ऑफिसर ने काम छोड़ दिया। गर्भवती दो घंटे तक इंतजार करती रही और कई गर्मी में परेशान होकर लौट गईं। धरने पर बैठी नर्सिंग ऑफिसर ने कहा कि अगर मांग पूरी नहीं होती है तो अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकती हैं।
हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया की ओर से कुरुक्षेत्र में निरीक्षण के दौरान नर्सिंग स्टाफ पर उठाए गए सवालों और कथित टिप्पणियों के विरोध में नर्सिंग ऑफिसर्स में रोष हैं। नर्सिंग ऑफिसर ने सोमवार को सिविल सर्जन कार्यालय में पहुंचकर अधिकारियों को मांगपत्र भी सौंपा था।
मंगलवार को धरने पर बैठे नर्सिंग ऑफिसर वेलफेयर एसोसिएशन के उपप्रधान सुमित्रा, मीडिया प्रभारी रामफल और सदस्यों ने कहा कि बिना जांच पूरी हुए पूरे नर्सिंग कैडर पर मिलीभगत के आरोप लगाना उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है। नर्सिंग ऑफिसर की मांग है कि चेयरपर्सन को मामले में माफी मांगनी चाहिए। ऐसी टिप्पणी और व्यवहार से पूरे नर्सिंग समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है। चेयरपर्सन को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। इस दौरान नर्सिंग ऑफिसर रामरत्ति, विनोद, प्रियंका, बबीता, सुमन, आशा आहुजा, आशा वर्मा, संदीप कुमार आदि शामिल रहे।
फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में नर्सिग ऑफिसर की हड़ताल दौरान शिविर में इंतजार करते हुए गर्भवती