फतेहाबाद। शहर के पुरानी तहसील चौक में बने जर्जर मकानों को अब नगर परिषद ही गिराएगा। यही नहीं भवनों को गिराने पर आने वाले खर्च को उसके मालिक से वसूला जाएगा। फिलहाल नगर परिषद ने सर्वे करके चार भवन मालिकों को तोड़ने के निर्देश दिए है लेकिन नोटिस के बाद भी उनको गिराया नहीं गया है।
इसके चलते अब नगर परिषद की बिल्डिंग शाखा ने कार्रवाई करने का फैसला लिया है। करीब 15 दिन पहले पुरानी तहसील चौक स्थित मोहल्ले में करीब 100 साल पुराने भवन की दीवार तंग गली में सामने बने दूसरे मकान पर गिर गई थी। जिससे मकान को काफी नुकसान हुआ था। इसके बाद नगर परिषद प्रशासन हरकत में आया है।
नगर परिषद ने पुरानी तहसील चौक स्थित मोहल्ले में सर्वे करके चार मकानों के मालिकों को दो बार नोटिस देने के साथ उसे मकान पर भी चस्पा किया है। उसके बाद भी भवन मालिक उन्हें हटाने को तैयार नहीं हैं। अधिकारियों की माने तो इसमें कई भवन मालिक ऐसे हैं जो कि दिल्ली या फिर जयपुर रह रहे हैं, फोन पर संपर्क करने के बाद भी उनकी तरफ से जर्जर भवन को गिराने के लिए कोई कार्रवाई शुरू नहीं की गई है।
-
जेई तैयार करेंगे एस्टीमेट
अगर भवन मालिक खुद ही नहीं गिरवाते हैं तो नगर परिषद की ओर से इन्हें गिराने की कार्रवाई की जाएगी। इसको लेकर नगर परिषद की तकनीकी शाखा के जेई एस्टीमेट तैयार करेंगे। जर्जर भवन गिराने पर जो भी खर्च आएगा, उसकी वसूली नगर परिषद संबंधित से करेगा।
-
दो बार हो चुका हादसा
पार्षद प्रतिनिधि मनोज नारंग का कहना है कि पुरानी तहसील चौक क्षेत्र के खाटू श्याम मंदिर वाली गली, राम सेवा समिति चिल्ली वाली धर्मशाला के पीछे, डेरेवाला मोहल्ला में कई जर्जर मकान हैं। इन मकानों की दीवारें काफी जर्जर हो चुकी हैं। 15 से 20 दिन में दो बार हादसे हो चुके हैं। संबंधित भवन मालिकों से बार-बार संपर्क भी किया जा रहा है लेकिन उनकी तरफ से गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
-
पुरानी तहसील चौक क्षेत्र में जर्जर भवन मालिकों को दो बार नोटिस दिया गया है और संपर्क भी किया जा रहा है। अगर खुद नहीं गिराएंगे तो नगर परिषद की तरफ से कार्रवाई की जाएगी और जेई से इस बारे में अस्टीमेट तैयार करवाया जाएगा।
- विकास बजाज, बिल्डिंग इंस्पेक्टर, नगर परिषद, फतेहाबाद।
फतेहाबाद के पुरानी तहसील चौक क्षेत्र में जर्जर भवनों को गिराने को लेकर नोटिस लगाते हुए कर्मचारी