कैंसर डे केयर के बारे में जानकारी देते सीएमओ ।
फतेहाबाद। सेक्टर-3 स्थित पॉलीक्लीनिक में बुधवार शाम को 6 बेड वाले कैंसर डे केयर सेंटर का औपचारिक शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस सुविधा का उद्घाटन किया। इसके साथ ही जिले के कैंसर मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
अब जिले के कैंसर मरीजों को कीमोथैरेपी और अन्य आवश्यक उपचार के लिए रोहतक पीजीआई के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हालांकि, यहां उन्हीं मरीजों को कीमोथैरेपी दी जाएगी जो रोहतक पीजीआई में उपचाररत हैं और चिकित्सकीय रूप से स्थिर (स्टेबल) हैं। उद्घाटन कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. बुधराम, नोडल अधिकारी डॉ. हेमंत, मेजर डॉ. शरद तुली सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
कैंसर डे केयर सेंटर मूल रूप से नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में स्थापित किया जाना था, लेकिन वहां मरम्मत कार्य चलने के कारण इसे अस्थायी रूप से सेक्टर-3 पॉलीक्लीनिक में शुरू किया गया है। इस केंद्र के लिए जिले के डॉ. राहुल को दो माह तक रोहतक पीजीआई में विशेष प्रशिक्षण दिया गया, वहीं स्टाफ नर्सों को भी प्रशिक्षित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, कैंसर डे केयर में मरीजों को दर्द, कब्ज सहित अन्य आपातकालीन समस्याओं का उपचार मिलेगा। साथ ही विशेषज्ञों की सलाह पर स्टेबल मरीजों को यहां निशुल्क कीमोथैरेपी की सुविधा मिलेगी। इससे मरीजों को राहत मिल सकेगी।