अ अपने बच्चों की शादी के लिए रिश्ते ढूंढ ढूंढकर थक चुके अभिभावकों के लिए केंद्र सरकार के इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सीएससी पर मिलन योजना शुरू की है। अब शादी के लिए युवक व युवतियां सीएससी पर जाकर रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे। इसके बाद उनकी प्रोफाइल इच्छुक रिश्ते वाले ढूंढ सकेंगे। मिलन योजना को लेकर जिला प्रबंधक सीएससी कार्यालय की तरफ से सीएससी संचालकों को ट्रेनिंग भी दी जा चुकी है।
अधिकारियों का कहना है कि इस योजना का लोगों को बहुत ज्यादा फायदा मिलेगा। क्योंकि शादी के लिए रिश्ता ढूंढने वाले काफी रुपये खर्च करने के बाद भी रिश्ता नहीं ढूंढ पाते हैं।
ऐसे करवा सकते हैं रजिस्ट्रेशन
जिला प्रबंधक शिल्पा नारंग का कहना है कि इच्छुक युवक व युवती शादी के लिए सीएससी पर जाकर पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके लिए उन्हें प्रोफाइल में उम्र, योग्यता, रुचि, लंबाई, नौकरी, व्यापार व वार्षिक आय के बारे में जानकारी देनी होगी। प्रोफाइल पूरी तरह से सुरक्षित रहेगी। इच्छुक रिश्ते वाला सामने वाले की प्रोफाइल तभी देख पाएगा जब सामने वाला तैयार होगा। यानी की पंजीकरण करवाने वाले के पास ओटीपी जाएगा। ओटीपी नंबर दर्ज करने के बाद प्रोफाइल देख पाएंगे।
बच्चों की शादी के लिए अच्छे रिश्ते को लेकर माता-पिता अक्सर चिंतित रहते हैं। काफी तलाश के बावजूद रिश्ते नहीं मिल पाते हैं। भारत सरकार के इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की तरफ से कामन सर्विस सेंटर पर मिलन योजना शुरू की है। यहां पर शादी लायक युवक व युवतियां रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे। - शिल्पा नारंग, जिला प्रबंधक, सीएससी।