वीरवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही औपचारिक रूप से विधानसभा चुनाव 2019 की रणभेरी बज चुकी है। फतेहाबाद में फिलहाल एक ही निर्दलीय उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल किया है लेकिन माना जा रहा है कि 3 अक्तूबर से सभी दलों के उम्मीदवारों में नामांकन भरने की होड़ लग सकती है। चुनावी प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही अब सबकी नजरें राजनैतिक दलों के टिकट वितरण पर लग गई हैं। हालांकि जननायक जनता पार्टी ने मंगलवार सांय को अपने उम्मीदवारों की नई सूची जारी कर दी है। लेकिन इस सूची में फतेहाबाद विधानसभा सीट का नाम नदारद है ।
बीजेपी उम्मीदवार की घोषणा के बाद इनेलो-जजपा की टिकट का होगा ऐलान
चुनावी बिसात पर एक दूसरे को मात देने की तैयारियों में जुटे कांग्रेस-बीजेपी विधानसभा चुनाव फतेहाबाद के लिए सबसे पहले उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर सकती है। हालांकि अभी तक दोनों राजनैतिक दलों के नेता अपने-अपने स्तर पर टिकट के लिए लॉबिंग में जुट गए हैं। कांग्रेस की टिकटों के लिए पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी माथापच्ची कर रही है तो दूसरी ओर सत्ताधारी बीजेपी की टिकट को जीत की गारंटी मानकर नए-पुराने बीजेपी नेता भी अपने-अपने आकाओं को खुश करने में जुटे हैं। इस बीच बीजेपी ने फतेहाबाद की सीट पर अपने उम्मीदवार का ऐलान ना करके जजपा-इनेलो के इंतजार को बढ़ा दिया है। माना जा रहा है कि दोनों पार्टियां बीजेपी और कांग्रेस के बागी उम्मीदवारों का इंतजार करने के बाद ही अपने टिकटों का ऐलान करेंगी।
इनेलो कर चुकी है उम्मीदवारों के खर्च में मदद का ऐलान, अंगद ढिंगसरा भी नहीं चल रहे आप उम्मीदवार के साथ
एक ओर जहां कांग्रेस-बीजेपी की प्रत्याशियों की घोषणा का इंतजार हो रहा है। दूसरी ओर इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला सम्मान दिवस रैली में पहले ही ये ऐलान कर चुके हैं कि इनेलो इस बार विधानसभा चुनावों के उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने के लिए आर्थिक मदद भी करेगी। पार्टी सुप्रीमो की इस घोषणा से भी इनेलो की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले नेताओं को कुछ राहत मिलनी तय है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने भले ही सबसे पहले जिलाध्यक्ष लक्ष्य गर्ग को पार्टी का उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पिछली बार अंगद ढिंगसरा ने निर्दलीय चुनाव लड़ा था।
‘बीजेपी में बगावत का कोई सीन नहीं है। हमारी पार्टी अनुशासित पार्टी है और कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान के लिए जानी जाती है। जो भी बीजेपी उम्मीदवार बनकर सामने आयेगा, पार्टी का एक-एक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उसके लिए प्रचार करेगा और जी-जान से प्रयास करेगा।’ -वेद फुलां, बीजेपी जिलाध्यक्ष, फतेहाबाद ।