फतेहाबाद। प्रदेश के सभी 97 सरकारी सहायता प्राप्त महाविद्यालयों के गैर शैक्षिक कर्मचारियों ने वेतन, एचआरए, ग्रेच्युटी सहित अन्य मांगों के लिए शुक्रवार को आवाज उठाई। शहर के एमएम कॉलेज के गैर शिक्षक कर्मचारियों ने भी शुक्रवार को धरना दिया और रोष जताते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
धरने की अध्यक्षता हरियाणा निजी कॉलेज गैर-शिक्षण कर्मचारी यूनियन के यूनिट प्रधान मुकेश कुमार बिट्टू ने की व संचालन संगठन सचिव डॉ. रमनदीप सिंह ने किया। इस अवसर पर संरक्षक सुदर्शन सिंह मल्होत्रा, यूनिट सचिव जय प्रकाश, यूनिट सदस्य अनु जिंदल, नरेंद्र सरदाना, जितेंद्र बत्रा आदि कर्मचारी मौजूद रहे।
कर्मचारियों ने ये मांगें उठाईं
संगठन सचिव डॉ. रमनदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश के एडेड कॉलेजों में लगभग 4700 पद स्वीकृत हैं जिनमें से लगभग 3000 शैक्षिक व गैर शैक्षिक कर्मचारी कार्यरत हैं। कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें एसीपी का लाभ, संशोधित मकान किराया भत्ता मिले, 1 जनवरी 2006 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को ग्रेच्युटी का लाभ दिया जाए। सेवा नियम 2006 व लीव रूल्स 2002 में संशोधन हो, मेडिकल, आकस्मिक अवकाश के दिशा-निर्देश, सीसीएल और टेकओवर आदि मांगों को पूरा किया जाए। संरक्षक सुदर्शन सिंह मल्होत्रा ने कहा कि इन सभी मांगों को लेकर गैर शिक्षक यूनियन लगातार सरकार के समक्ष अपनी बात रख रही है। एक्सग्रेसिया पॉलिसी, दूसरे शनिवार की छुट्टी, मेडिकल, आदि फाइलों पर मुख्यमंत्री की मंजूरी के बावजूद भी विभाग की ओर से पत्र जारी नहीं किया गया।