बलजीत जांगड़ा
समैन। सरकार भले ही खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के बड़े-बड़े वादे करती हो लेकिन धरातल पर स्थिति बदतर है। टोहाना उपमंडल के गांव भीमेवाला में खिलाड़ियों के लिए खेल सुविधाओं का भारी अभाव है। करीब 2500 की आबादी वाले इस गांव में 35 से अधिक युवा बुलंद हौसले से अलग-अलग खेलों की तैयारियों में जुटे हैं लेकिन गांव में न तो कोई खेल परिसर (स्टेडियम) है और न ही खेल विभाग की तरफ से कोई सुविधा मिली है।
गांव में खेल स्टेडियम न होने के कारण खिलाड़ी विवश होकर सरकारी स्कूल के मैदान में अभ्यास करते हैं। इस मैदान की हालत भी खस्ता है। चारों तरफ लंबी घास उगी हुई है और चहारदीवारी टूटी पड़ी है। बारिश के दिनों में यहां पानी भर जाता है जिससे कई दिनों तक अभ्यास ठप रहता है। खिलाड़ी गुरजीत, दीपक, अमित, सूर्यदीप, गुरमीत, मोहित, आशु, अजय, सतीश, सोमवीर और अंकित ने बताया कि वे अपने स्तर पर सुविधाएं जुटाकर अभ्यास कर रहे हैं। सरकार से गांव में बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि वे राष्ट्रीय स्तर पर चमक सकें। संवाद