फतेहाबाद। जिले के राजकीय स्कूलों, कॉलेजों और प्रशिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के बस पास अब एक वर्ष के बजाय छह माह की अवधि के लिए जारी किए जाएंगे। रोडवेज विभाग की नई अधिसूचना के तहत यह बदलाव किया गया है।
पहले विद्यार्थियों के बस पास पूरे शैक्षणिक सत्र या एक वर्ष के लिए बनाए जाते थे। संस्थान से सत्यापन के बाद छात्रों को वार्षिक पास जारी किए जाते थे लेकिन अब हर छह माह में विद्यार्थियों का पुनः सत्यापन कर नया पास जारी किया जाएगा। विभाग ने यह कदम फर्जीवाड़ा रोकने के उद्देश्य से उठाया है।
नई व्यवस्था के तहत शिक्षण संस्थान नियमित रूप से अध्ययनरत विद्यार्थियों की सूची तैयार करेंगे और आवश्यक दस्तावेज रोडवेज को भेजेंगे। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही अगले छह माह के लिए बस पास जारी किया जाएगा। पहले छात्राओं को ही निशुल्क बस पास की सुविधा मिलती थी जबकि अब छात्र-छात्राओं दोनों के लिए यह सुविधा लागू है। साथ ही पहले 60 किलोमीटर तक ही बस पास बनते थे जिसे बढ़ाकर अब 150 किलोमीटर तक कर दिया गया है।
एमएम कॉलेज के क्लर्क नरेंद्र कुमार ने बताया कि दाखिला प्रक्रिया पूरी होने के बाद बस पास बनाए जाएंगे और रोडवेज विभाग की ओर से छह माह के पास जारी किए जाएंगे। विद्यार्थियों को अब समय-समय पर आवेदन, फोटो और अन्य दस्तावेज जमा कराने होंगे।
रोडवेज फतेहाबाद के यातायात प्रबंधक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्यालय की संशोधित अधिसूचना के अनुसार प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का छह माह का निशुल्क बस पास जारी किया जा रहा है। शिक्षण संस्थानों से सत्यापित सूची मिलते ही पास उपलब्ध करा दिए जाते हैं।