तेहाबाद। स्वास्थ्य विभाग में एनएचएम के तहत तैनात स्वास्थ्यकर्मी शुक्रवार से चार दिन की हड़ताल पर चले गए हैं। स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष विपिन शर्मा ने बताया कि मुख्यालय में एमडी एनएचएम के साथ मांगों को लेकर वार्ता थी, जो कि विफल रही। इसके चलते एनएचएम कर्मचारी सांझा मोर्चा ने चार दिन की हड़ताल का ऐलान किया है। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से सबसे ज्यादा एंबुलेंस, लेबर रूम, टीकाकरण, लैब, एसएनसीयू के कामकाज पर असर पड़ेगा।
जिले में एंबुलेंस पर करीब 70 कर्मचारी एनएचएम के तहत तैनात है और 30 कर्मचारी एचकेआरएन के तहत लगे हैं। एनएचएम चालकों और ईएमटी के हड़ताल पर जाने से एचकेआरएन चालकों पर बोझ पड़ेगा। ऐसे में इमरजेंसी के अलावा अन्य एबुलेंस सेवा बंद करनी पड़ सकती है। वहीं नागरिक अस्पताल में शिशु रोग विशेषज्ञ और महिला रोग विशेषज्ञ के पद पर एनएचएम के तहत डॉक्टर तैनात है। अगर ये भी हड़ताल पर जाते है व्यवस्था बिगड़ सकती है।