फतेहाबाद। पिछले साल नियमित हुईं शहर की 13 कॉलोनियों में जनस्वास्थ्य विभाग को सीवरेज पाइप लाइन डालने की हरी झंडी मिल गई है। शहर में पुरानी सीवरेज पाइप लाइन भी बदली जाएंगी और डिस्पोजल टैंक भी बनेंगे। करीब 55 करोड़ की लागत से इस परियोजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा। आचार संहिता से पहले मुख्यालय में हुई वाटर सप्लाई सेनेटरी बोर्ड की बैठक में इसकी हरी झंडी मिल चुकी है। वैसे आचार संहिता के कारण दो माह तक काम शुरू नहीं हो पाएगा। अधिकारियों की माने तो फिलहाल टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी और आचार संहिता खत्म होते ही अलॉटमेंट हो जाएगी। नए साल से पहले विभाग सीवरेज लाइन बिछाने के काम को शुरू करवा सकता है।
इस परियोजना का सबसे ज्यादा फायदा नगर परिषद की सीमा बढऩे के बाद उसमें शामिल हुईं कॉलोनियों को होगा। इसमें स्वामी नगर, हंस कॉलोनी, आजाद नगर, हरनाम सिंह कॉलोनी शामिल हैं। इसके अलावा मौजूदा भाटिया कॉलोनी, कीर्तिनगर, भागचंद कॉलोनी, भगत सिंह कॉलोनी, अतिरिक्त अशोक नगर, विस्तार हुई योग नगर, कालीदास कॉलानी, ओशो आश्रम कॉलोनी और अतिरिक्त शक्तिनगर को भी फायदा मिलेगा। यहां पर करीब साढे 6 हजार घर है और 15 से 16 हजार आबादी को इससे फायदा होगा। इन कॉलोनियों को पिछले साल ही नियमित किया गया था।
डिस्पोजल टैंक के लिए विभाग बना चुका है डिजाइन :
शहर की सीमा बढऩे के बाद उसमें शामिल हुई कॉलोनियों में सीवरेज पाइप लाइन डालने की प्रक्रिया करीब एक साल से चल रही है। डिस्पोजल टैंक को लेकर पेंच फंसा हुआ था। हरनाम सिंह कॉलोनी और स्वामी नगर का एक ही डिस्पोजल टैंक होगा। हंस कॉलोनी का डिस्पोजल टैंक भोडिया खेडा के जलघर में बनाने की योजना है। फिलहाल स्थिति ये है कि इन कॉलोनियों में पानी निकासी का प्रबंध नहीं है और गलियों और खाली जगह में पानी इकट्ठा हो रहा है।
शहर में बदली जाएगी पुरानी पाइप लाइन :
जनस्वास्थ्य विभाग शहर में पुरानी सीवरेज पाइप लाइनों को भी बदलेगा। इस प्रोजेक्ट में इसे भी शामिल किया गया है। करीब 30 साल पुराने पाइपों को बदला जाएगा। इसमें शक्ति नगर, शास्त्री नगर, अशोक नगर, तहसील चौक का क्षेत्र शामिल है।
सीवरेज के बाद बननी है सात करोड़ से गलियां :
नियमित हुई 13 कॉलोनियों में गलियों के निर्माण के लिए करीब 8.5 करोड़ रुपये का बजट जारी हुआ था। नगर परिषद इसको लेकर टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर चुका है। लेकिन सीवरेज पाइप लाइन का प्रोजेक्ट अटका होने के कारण काम शुरू नहीं हो पाया। सीवरेज पाइप लाइन बिछने के बाद करीब सात करोड़ से इंटरलॉकिंग गलियां बनेंगी।
हरनाम सिंह कॉलोनी में पानी निकासी प्रबंध नहीं है। गलियां तालाब बन चुकी हैं। शहर में आने से अच्छा पंचायत में ठीक थे। लंबे समय से मांग चल रही है। प्रशासन जल्द से जल्द सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू करवाए। - योगी हंसराज, पार्षद प्रतिनिधि वार्ड नंबर 15
हंस कॉलोनी में पानी निकासी न होने के कारण लोगों के मकानों को नुकसान हो रहा है। रिचार्ज बोर भी लगवा चुके है लेकिन स्थिति जस की तस है। सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का काम जल्द शुरू होना चाहिए। - संजय रूखाया, पार्षद वार्ड नंबर 17