फतेहाबाद में सफाई को लेकर निरीक्षण करते हुए अधिकारी स्त्रोत नगर परिषद
- लालबत्ती चौक से भट्टू रोड तक का क्षेत्र निजी एजेंसी को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर परिषद की ओर से नई निजी एजेंसी ने काम शुरू कर दिया है। एजेंसी को लालबत्ती चौक से भट्टू रोड की तरफ के क्षेत्र में सफाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें 14 वार्ड शामिल है।
काम शुरू होने के बाद नगर परिषद के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। नगर परिषद के एसआई राहुल कुमार और सुपरवाइजर साहिल ने क्षेत्र का दौरा कर सफाई कार्य का जायजा लिया। इस दौरान कर्मचारियों की मौजूदगी, सफाई कार्य की स्थिति और सड़क किनारे जमा कचरे को हटाने की व्यवस्था देखी गई।
अधिकारियों ने एजेंसी के कर्मचारियों को निर्धारित क्षेत्र में नियमित रूप से सफाई करने के निर्देश दिए। नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार, निजी एजेंसी को दिए गए क्षेत्र में नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा। मुख्य मार्ग होने के कारण यहां लोगों और वाहनों की आवाजाही भी अधिक रहती है। ऐसे में सड़क और आसपास के क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है।