फतेहाबाद। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई), भारत सरकार द्वारा फतेहाबाद जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में राष्ट्रीय सर्वेक्षण शुरू किया गया है। यह सर्वेक्षण जून 2027 तक चरणबद्ध तरीके से चलेगा। इसका उद्देश्य परिवारों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति, असंगठित सेवा क्षेत्र, प्रवास, कृषि, ऋण एवं निवेश से संबंधित विश्वसनीय आंकड़े एकत्रित करना है। सरकार इन आंकड़ों का उपयोग जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास नीतियों के निर्माण के लिए करेगी।
जिले के 17 शहरी एवं ग्रामीण नमूना क्षेत्रों का चयन किया गया है। इनमें चिमो, फतेहाबाद शहर के विभिन्न वार्ड, भरपूर, जल्लोपुर, करंडी, सनियाना, चंदडख़ुर्द, माजरा, जाखल, भट्टू कलां, टोहाना तथा उदयपुर शामिल हैं। एनएसओ के अधिकृत अधिकारी एवं प्रगणक चयनित घरों में जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे।
जिले में पीरियोडिक लेबर फोर्स सर्वे (पीएलएफएस), नेशनल हाउसहोल्ड सर्वे (एनएचएस), वार्षिक असंगठित सेवा क्षेत्र उद्यम सर्वे (असूस), माइग्रेशन पार्टिकुलर्स सर्वे, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण (एआईडीआईएस) तथा स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण (एसएएस) संचालित किए जाएंगे। अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण (एआईडीआईएस) के अंतर्गत परिवारों की परिसंपत्तियों, भूमि, भवन, बैंक जमा, बीमा, पेंशन, शेयर, ऋण एवं अन्य वित्तीय निवेशों का अध्ययन होगा।