धरना देकर नायब तहसीलदार के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए किसान । संवाद
रतिया। तहसील कार्यालय में मंगलवार को उस समय माहौल गरमा गया जब नायब तहसीलदार विचित्रनंद पर एक किसान प्रतिनिधि के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे। इस घटना के विरोध में खेती बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में किसानों ने तहसील परिसर के भीतर ही धरना शुरू कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
वहीं नायब तहसीलदार विचित्रनंद ने कहा कि वह नियमों के तहत काम करते हैं। इससे कई बार लोगों को दिक्कत होती है। उन्होंने आरोपों को नकारते हुए कहा कि उसने किसी से कोई अभद्र व्यवहार नही किया। किसानों ने बताया कि ढाणी जाखन दादी के पूर्व सरपंच सरदार बलविंदर सिंह किसी कार्य के सिलसिले में नायब तहसीलदार विचित्रनंद के पास पहुंचे थे।
आरोप है कि बातचीत के दौरान अधिकारी ने उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। जैसे ही यह बात क्षेत्र के किसानों तक पहुंची, उनमें रोष फैल गया। इसके बाद खेती बचाओ संघर्ष समिति के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राजविंदर सिंह चहल की अध्यक्षता में तहसील कार्यालय में किसानों ने धरना शुरू कर दिया।
किसानों ने प्रशासन से मांग की कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ तुरंत कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। किसानों ने चेतावनी दी है कि जब तक प्रशासन उचित कार्रवाई नहीं करता, उनका धरना और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान किसानों ने नायब तहसीलदार के खिलाफ एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा। धरने को इनेलो के जिला प्रधान बीकर सिंह, शहरी अध्यक्ष हरबंस खन्ना, राज कुमार मित्तल ने भी समर्थन दिया। इस अवसर पर राम जाट, तजिंदर औजला, टेक चहल, त्रिलोचन सिंह, कुलदीप सिंह, रामचंद्र सहनाल सहित अन्य किसानों ने भी संबोधित किया।