फतेहाबाद। नगर परिषद शहर की 16 कॉलोनियों के अवैध हिस्से को वैध करने की तैयारी कर रहा है। इनमें शहर की कई पॉश कॉलोनियां भी शामिल है जिनके कई हिस्से अभी भी अवैध है। इन हिस्सों में नगर परिषद ड्रोन से सर्वे करवाएगी और इसके बाद रिपोर्ट जिला नगर योजनाकार विभाग के जरिए सरकार को भेजी जाएगी।
शहर फतेहाबाद की 27 समेत जिले के शहरों में 61 कॉलोनियों को पहले ही वैध करने की प्रक्रिया चल रही है। नगर परिषद फतेहाबाद ने शहर की 16 कॉलोनियां जिनका क्षेत्र बढ़ चुका है और उनके खसरा और किला नंबर अभी अवैध हिस्से में आते हैं, इन्हें वैध करने के लिए नगर निकाय से मार्गदर्शन मांगा गया था। नगर निकाय ने नगर परिषद को खुद सर्वे करवाकर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। पहले सर्वे कर चुकी एजेंसी से ही करवाना होगा।
प्रॉपर्टी के रेटों में आ सकता है उछाल
कॉलोनियों के अवैध क्षेत्र को वैध करने के लिए नगर परिषद द्वारा सर्वे शुरू करने के बाद यहां की प्रॉपर्टी रेटों में उछाल आ सकता है। अहम बात यह है कि अधिकतर पॉश कॉलोनियों है जिसके कई किला नंबर अभी अवैध है।
ये हैं कॉलोनी जिनका होगा सर्वे
भाटिया कॉलोनी एक्सटेंशन
न्यू प्रोफेसर कॉलोनी एक्सटेंशन
अग्रवाल कॉलोनी पार्ट दो
अग्रवाल कॉलोनी एक्सटेंशन पार्ट दो
पुष्प विहार एक्सटेंशन
ग्रीन पार्क एक्सटेंशन
अतिरिक्त सूर्या इंकलेव
राजीव कॉलोनी
जगजीवनपुरा एक्सटेंशन
रतिया और बीमा कॉलोनी एक्सटेंशन
अशोक नगर एक्सटेंशन
शक्ति नगर एक्सटेंशन
मुंजाल कॉलोनी
अतिरिक्त योग नगर एक्सटेंशन
मिनाक्षी कॉलोनी एरिया
रतिया चुंगी कॉलोनी
चार शहरों की 61 कॉलोनियां होनी हैं वैध
जिला नगर योजनाकार फतेहाबाद, रतिया, टोहाना और भूना शहर की 61 कॉलोनियों को वैध करने की प्रक्रिया शुरू कर रखी है। इसमें फतेहाबाद की 27, टोहाना की 14, रतिया की 13 और भूना 7 कॉलोनियां शामिल हैं।
शहर से बाहर की इतनी कॉलोनियां होनी हैं वैध
फतेहाबाद : 5
रतिया : 7
टोहाना : 9
भूना : 4
जाखल : 1
भट्टू : 1
कोट
कॉलोनियों के अवैध क्षेत्र को वैध करने के लिए नगर निकाय से मार्गदर्शन मांगा गया था। नगर निकाय ने संबंधित कॉलोनियों के एक्सटेंशन एरिया में एजेंसी से सर्वे करवाने के निर्देश दिए हैं। संबंधित एजेंसी को सर्वे के लिए पत्र लिखा गया है। रेट आने के बाद निदेशालय से अनुमति लेकर सर्वे करवा दिया जाएगा और डीटीपी को प्रस्ताव भेज दिया जाएगा।
-ऋषिकेश चौधरी, ईओ नगर परिषद