शहर की पुरानी अनाजमंडी में सरसों का बीज लेने पहुंचे किसान। संवाद
फतेहाबाद। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से रबी सीजन में राष्ट्रीय खाद्य तेल-तिलहन मिशन के तहत किसानों को निशुल्क प्रमाणित सरसों बीज वितरित किया जा रहा है। पुरानी अनाजमंडी स्थित दुकान नंबर दो पर आयोजित वितरण में प्रत्येक पात्र किसान को ढाई एकड़ भूमि के लिए दो किलोग्राम बीज दिया जा रहा है।
कृषि विकास अधिकारी अमित कुमार ने किसानों से अपील की कि वे सरसों की बिजाई के लिए प्रमाणित बीज का ही इस्तेमाल करें। इससे फसल की गुणवत्ता और उत्पादन बेहतर करने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने बताया कि बीज प्राप्त करने के लिए किसानों को आधार कार्ड, पैन कार्ड और पिछले वर्ष की फसल के पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज साथ लाने होंगे। मिशन का उद्देश्य तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देना और किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध करवाना है।