आरपीएल सीजन-2 क्रिकेट टूर्नामेंट में क्रिकेट मैच में खेलते हुए खिलाड़ी :संवाद
रतिया। राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में चल रहे आरपीएल सीजन-2 क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में कनाडियन ब्रदर्स ने बिन्नी सुपर किंग्स को छह विकेट से हरा दिया। कनाडियन ब्रदर्स के बल्लेबाज विक्रम राणा ने 36 गेंदों में 112 रन की तूफानी पारी खेली।
शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। आयोजन समिति के सदस्य सम्राट सग्गू, प्रवीण मराठा, लवदीप मान, गोविंद सैनी, पीयूष और सतीश पटवारी ने बताया कि टॉस जीतकर कनाडियन ब्रदर्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बिन्नी सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में 213 रन बनाए।
टीम की ओर से मनमोहन खोखर ने सर्वाधिक 79 रन का योगदान दिया। 214 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडियन ब्रदर्स की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी की। विक्रम राणा ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाते हुए महज 36 गेंदों में 112 रन बनाए।
टीम ने 17.3 ओवर में चार विकेट खोकर 217 रन बना मुकाबला जीत लिया। मुकाबले के दौरान विधायक सरदार जरनैल सिंह, पंजाबी अभिनेता हॉबी धालीवाल, अभिनेता दीपक कंबोज, बाबा पपली, बाबा चिरंजी महंत, गुरबीर संधू, बुट्टा भुल्लर आदि मौजूद रहे।