फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: भट्टू में सरसों की खरीद की बंद, मंडी के सभी गेटों पर ताले लगाकर धरने पर बैठे किसान

विज्ञापन
भट्टू अनाज मंडी के गेट बंद करके धरने पर बैठे किसान।
विज्ञापन
फतेहाबाद/भट्टू कलां। भट्टू मंडी में सोमवार को सरसों की खरीद बंद होने पर नाराज किसानों ने नारेबाजी की। किसानों ने अनाज मंडी के सभी गेटों पर ताले जड़ दिए और धरने पर बैठ गए। किसानों द्वारा काफी देर तक ताला न खोलने पर नायब तहसीलदार बलराम जाखड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों व खरीद एजेंसी अधिकारी को मार्केट कमेटी कार्यालय में बुलाकर बातचीत शुरू की। तालाबंदी से सैकड़ों वाहन अनाज मंडी में फंस गए।
विज्ञापन

इससे गेहूं का उठान कार्य भी प्रभावित हुआ। पूर्व सीपीएस प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा के अलावा किसान सभा के जिला प्रधान विष्णुदत्त शर्मा, तहसील कमेटी प्रधान रोहतास डूडी, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव भजन लाल माचरा भी किसानों को समर्थन देने पहुंचे। देर शाम तक किसानों का धरना जारी रहा।

भट्टू क्षेत्र के किसानों की आधी से ज्यादा सरसों बाजार में आनी बाकी
किसान दशरथ ढांड, कुलदीप ढाबी खुर्द, कर्ण सिंह,आत्माराम, रोहतास बेरड़, महाबीर, हनुमान, सत्यवान सिहाग, राजेंद्र, दलीप, पवन कुमार, रमेश कुमार ने बताया कि सोमवार को जब वे सरसों लेकर अनाज मंडी पहुंचे तो उनकी फसल के लिए टोकन काटने से मना कर दिया। बताया गया कि खरीद एजेंसी ने खरीद बंद कर दी है जबकि अभी तक किसानों की आधे से भी ज्यादा सरसों की फसल बाजार में आनी बाकी है। यहां अचानक तुगलकी फरमान जारी किया जा रहा है। उन्होंने रोष प्रदर्शन करते हुए सभी अनाज मंडी के गेटों पर तालाबंदी की है। किसानों ने चेतावनी दी कि सरकार ने अगर उनकी सरसों की फसल को नहीं खरीदा तो वे अपना धरना जारी रखेंगे।
विज्ञापन


मार्केट कमेटी के सचिव बोले- मौसम खराबी के चलते तीन दिन खरीद बंद की
किसानों के धरने प्रदर्शन की सूचना मिलने पर मार्केट कमेटी सचिव मनदीप सिंह किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने बताया कि खरीद एजेंसी हैफेड का कहना है कि तीन दिन मौसम खराब बताया गया है, जिसके चलते उन्होंने खरीद बंद की है। टोकन काटने की कोई समस्या नहीं है, वे टोकन काट देंगे, लेकिन खरीद एजेंसी खरीद करें तब टोकन काटने का फायदा है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे अपनी फसल लाने से पहले पड़ताल अवश्य करें कि खरीद हो रही है या नहीं ताकि खराब मौसम के चलते किसानों की फसल खराब न हो।

फतेहाबाद व भूना में नहीं आ रही सरसों
सरसों की सरकारी खरीद 30 अप्रैल से बंद हो चुकी है, फिर भी सरसों की आवक जारी है। हालांकि, फतेहाबाद व भूना में सरसों की आवक सोमवार को शून्य रही, लेकिन भट्टू कलां अनाज मंडी में अभी भी सरसों की आवक हो रही है। भट्टू कलां में सरसों की 1123 मीट्रिक टन आवक हुई, जिसे हैफेड ने कॉमर्शियल तौर पर आढ़तियों के माध्यम से खरीदा है। जिले में इस बार 60 हजार एकड़ भूमि पर सरसों की बिजाई की गई थी। पिछले साल जहां 46 हजार एकड़ पर सरसों की बिजाई हुई थी, वहीं, इस बार रकबा बढ़ा है। सरकार ने 15 मार्च से सरसों की सरकारी खरीद के आदेश दिए थे। इसके बाद नैफेड ने हैफेड के माध्यम से सरसों की सरकारी खरीद की थी। 25 फीसदी खरीद का कोटा पूरा होने पर नैफेड ने 28 अप्रैल से सरसों की खरीद बंद कर दी। 30 अप्रैल को सरसों की सरकारी खरीद भी बंद हो गई है। अब हैफेड सरसों की कॉमर्शियल खरीद आढ़तियों के माध्यम से कर रहा है।

देर शाम 7 बजे बाद खोले गेट

भट्टू मंडी में किसानों द्वारा बंद किए गए अनाज मंडी के गेट देर शाम 7 बजे बाद खोले जा सके। किसानों से हैफेड के डीएम राजेश हुड्डा ने तीन दिन का समय मांगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि तीन दिन बाद सरसों की खरीद शुरू करवा दी जाएगी।

जिले में अब तक खरीदी जा चुकी 13410 मीट्रिक टन सरसों
जिले में अब तक सरसों की 13 हजार 410 मीट्रिक टन आवक हो चुकी है। इसमें से हैफेड ने सर्वाधिक 10 हजार 31 मीट्रिक टन सरसों की खरीद की है। हैफेड ने नैफेड को सात हजार 819 मीट्रिक टन सरसों खरीद कर दी है। वहीं, निजी तौर पर भी 3284 मीट्रिक टन सरसों की खरीद हो चुकी है। जानकारों के मुताबिक सरसों की सर्वाधिक खेती भट्टू कलां क्षेत्र में होती है, क्योंकि यहां की जमीन रेतीली है। इसके अलावा फतेहाबाद व भूना क्षेत्र में भी सरसों की खेती की जाती है, लेकिन अधिक खेती भट्टू कलां क्षेत्र में ही होती है।


हैफेड ने अब सरसों की कॉमर्शियल खरीद शुरू कर दी है। आढ़तियों के माध्यम से यह खरीद हो रही है। फतेहाबाद व भूना में सरसों की आवक अब न के बराबर है, केवल भट्टू मंडी में ही सरसों की आवक हो रही है।
विज्ञापन

राजेश हुड्डा, डीएम, हैफेड
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें