फतेहाबाद में जवाहर चौक से सन्यास आश्रम मोड तक लगे पोल संवाद
फतेहाबाद। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए नगर परिषद की ओर से ट्रैफिक पुलिस की सिफारिश पर लगाए गए लोहे के पिलर तोड़ने का मामला सामने आया है। रविवार देर शाम जवाहर चौक से आश्रम मोड़ तक लगे लोहे के पिलर को कुछ लोगों ने तोड़ दिया।
घटना का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। इसके बाद कुछ लोग टूटे हुए पिलर को दोबारा लगाने के लिए मौके पर पहुंचे। वहीं, नगर परिषद प्रशासन ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए सख्त रुख अपनाया है।
नगर परिषद की ओर से लोहे के पिलर तोड़ने वालों के खिलाफ शहर थाने में शिकायत दी गई है। एमई सुमित चोपड़ा ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को शिकायत सौंप पिलर तोड़ने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है। हालांकि शहर थाना प्रभारी संजय मोरवाल का कहना है कि इस मामले में अभी कोई शिकायत नहीं आई है।
-
शहर में लगने है 350 पोल, दिवाली तक लगी है रोक
शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद ने थाना रोड, जवाहर चौक और हंस मार्केट सहित अन्य स्थानों पर लोहे के पिलर लगाने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, इस व्यवस्था का दुकानदार लगातार विरोध कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि पिलर लगने से वाहनों की आवाजाही और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होंगी। विरोध को देखते हुए नगर परिषद प्रशासन ने दिवाली के त्योहार तक पिलर लगाने का काम रोक दिया था लेकिन पहले से लगाए गए पिलर तोड़े जाने की घटना के बाद अब कार्रवाई के लिए कदम उठाया है।