फतेहाबाद। गांव अहरवां में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत में रतिया निवासी टाइल मिस्त्री गगन (24) की मौत हो गई। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल लाया गया। घायल ढाणी ढाका निवासी पवन को अग्रोहा रेफर कर दिया गया है। इसके अलावा घायल रतिया निवासी दीपक और सेवक सिंह को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को दिए बयान में सेवक सिंह ने बताया कि वह रतिया निवासी गगन और दीपक के साथ मोटरसाइकिल से रतिया से गांव अलीपुर बरोटा की तरफ जा रहे थे। गांव अहरवां के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल लाया गया। यहां पर चिकित्सक ने गगन को मृत घोषित कर दिया। दूसरे मोटरसाइकिल पर ढाणी ढाका निवासी पवन दूध लेकर जा रहा रहा था। सड़क दुर्घटना में पवन भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अग्रोहा रेफर किया गया है। शिकायतकर्ता सेवक सिंह के मुताबिक गगन शादी समारोह में स्टॉल लगाने का भी काम करता था।