जाखल। वार्ड 2 के पार्षद कुलवंत सिंह के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। उनके खाते से 1 लाख 28 हजार रुपये निकल गए। पार्षद की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पार्षद कुलवंत ने बताया कि नगर पालिका चुनाव के 12 मार्च को नतीजे घोषित हुए थे। जीत का जश्न मनाने के दौरान उनका मोबाइल फोन गिर गया। इस बारे में पार्षद ने ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया की उन्होंने अपने मोबाइल फोन में डाले दोनों सिम बंद करवाकर नए निकलवा लिए थे। इन दोनों नंबरों में एक बैंक खाते के साथ जुड़ा हुआ था।
पार्षद कुलवंत सिंह ने बताया कि नया मोबाइल फोन खरीद कर उसमें सिम डालकर अपनी बैंकिंग एप में खाते चेक किए तो पता चला कि किसी ने धोखाधड़ी करके उनके एचडीएफसी बैंक खाते से 12 मार्च को ही किसी ने पहले एक रुपया यस बैंक के खाते में ट्रांसफर किया। उसके बाद इसी खाते से 13 मार्च को एक लाख रुपये एसबीआई बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए। फिर 14 मार्च को 28 हजार रुपये बैंक ऑफ इंडिया के खाते में ट्रांसफर किए गए। इस तरह ठग ने उसके खाते से कुल 1 लाख 28 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने पार्षद कुलवंत सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आलम घर पर और उसके क्रेडिट कार्ड से अहमदाबाद में निकल गए 60 हजार रुपये
टोहाना। शहर के मॉडल टाउन निवासी एक व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड से 60 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित को इसका पता तब चला जब उसके पास कस्टमर केयर से फोन आया। इसके बाद पीड़ित ने शहर पुलिस को इस बारे में शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में मॉडल टाउन निवासी आलम सिंह बाठ ने बताया कि 27 मार्च को शाम करीब पौने चार बजे उसके क्रेडिट कार्ड से तीन ट्रांजेक्शन से 4995 रुपये, 4995 रुपये व 4983 रुपये कट गए। इस बारे में उसके पास कस्टमर केयर से फोन आया तो उसे रुपये काटे जाने बारे पता चला। आलम ने इस पर उसने ट्रांजेक्शन आईडी चेक की तो पता चला कि आरोपी हरखानी जयवीर ने अहमदाबाद में उसके क्रेडिट कार्ड से 12 ट्रांजेक्शन से करीब 60,000 रुपये निकाल लिए। आलम के अनुसार वह अपने घर पर था और क्रेडिट कार्ड भी उसी के पास था। रुपये निकाले जाने के बाद उसने कस्टमर केयर पर फोन करके अपना क्रेडिट कार्ड बंद करवाया। संवाद