शिक्षिका पूनम द्वारा वायरल किए वीडियो में दिख रहा राजमा का उतरा रंग।
टोहाना। पूर्व पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली के पैतृक गांव बिदाईखेड़ा स्थित एक सरकारी स्कूल में बच्चों के लिए बने मिड-डे मील में खराब राजमा मिलने का मामला सामने आया है। मिड-डे मील इंचार्ज अध्यापिका पूनम कुमारी ने खराब खाद्य सामग्री का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अध्यापिका पूनम ने बताया कि राजमा की सब्जी बनाने के लिए इन्हें भिगोया था, लेकिन उनका रंग पूरी तरह से उतर गया, जिससे वे खराब हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें की गईं, लेकिन प्रशासन और अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। हरियाणा सरकार द्वारा राजकीय स्कूलों में भेजे जा रहे मिड-डे मील राशन की गुणवत्ता पिछले एक महीने से लगातार विवादों में रही है।
विद्यालय अध्यापक संघ की राज्य सचिव पूनम कुमारी ने बताया कि 30 जनवरी को उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश शेवड़ा को इस मामले की शिकायत दी थी। पूनम ने कहा कि जब उन्होंने खुद मिड-डे मील खाया, तो दो दिन तक पेट दर्द की समस्या से जूझना पड़ा। वहीं, स्कूल प्रिंसिपल शमशेर सिंह ने बताया कि वे छुट्टी पर हैं, लेकिन मिड-डे मील इंचार्ज द्वारा भेजी गई शिकायत के बारे में उन्हें पता चला है। उन्होंने कहा कि जल्द ही खंड शिक्षा अधिकारी को इस बारे में सूचना दी जाएगी।