रतिया पंचायत समिति के चेयरमैन केवल मेहता अपने समर्थक सदस्यों के साथ। स्त्रोत स्वयं
रतिया। पंचायत समिति रतिया के चेयरमैन केवल मेहता के विरुद्ध लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर शुक्रवार को मतदान नहीं हो पाया। बैठक से पहले ही एडीसी कार्यालय से नदारद हो गए। कार्यालय में मिले कर्मचारियों ने बताया कि आब्जर्वर व अतिरिक्त उपायुक्त राहुल मोदी अस्वस्थ होने के चलते अवकाश पर हैं।
चर्चा है कि राजनीतिक दबाव के चलते एक बार फिर प्रशासन ने इस बैठक को स्थगित किया है। वहीं, पंचायत समिति चेयरमैन केवल मेहता ने प्रशासनिक अधिकारियों पर सत्ताधारी दल के अनुसार काम करने का आरोप लगाया है। चेयरमैन केवल मेहता ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि अतिरिक्त उपायुक्त इससे पहले भी 4 दिसंबर को बैठक से पहले गायब हो गए थे। अब 3 जनवरी की बैठक उन्होंने अचानक स्थगित कर दी।
केवल मेहता ने कहा कि वह इस मामले को लेकर हाईकोर्ट में जाएंगे क्योंकि उनके पास जो मैसेज आया है, उसमें मात्र बैठक को स्थगित करने के बारे में बताया गया है। किसी भी तरह का कोई कारण नहीं बताया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी लोकतंत्र के खिलाफ राजतंत्र के दबाव में कार्य कर रहे हैं। उनके पास पंचायत समिति के 11 सदस्य मौजूद हैं तथा प्रशासन अविश्वास प्रस्ताव की बैठक दूसरी बार रद्द करके तथा उन पर मामले दर्ज करके उन्हें वह उनके समर्थक सदस्यों को तोड़ना चाहता है। मगर उनके समर्थक पूरी तरह मजबूती से खड़े हैं।
-
उधर, थाना प्रभारी से मिला सदस्य नवीन
शुक्रवार को दोपहर बाद वार्ड 22 के पंचायत समिति सदस्य नवीन ने सदर थाने में थाना अध्यक्ष राजवीर से मिलकर स्पष्ट किया कि वह अपने काम के सिलसिले में तीन-चार दिन से गुरुग्राम और चंडीगढ़ गया हुआ था। उन्होंने थाना अध्यक्ष को शपथ पत्र भी दिया। थाना अध्यक्ष राजवीर सिंह ने बताया कि नवीन ने उनसे मिलकर अपना शपथ पत्र दिया है। पूरे मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया है। उच्च अधिकारियों के आदेशों के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के बाद 17 नवंबर को पंचायत समिति रतिया के कुल 22 सदस्यों में से 16 सदस्यों ने चेयरमैन के विरुद्ध उपायुक्त को पत्र सौंपकर अविश्वास प्रस्ताव दिया था। उपायुक्त ने अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग के लिए 4 दिसंबर की तारीख तय की थी। मगर उस समय अतिरिक्त उपायुक्त अवकाश पर थे और बैठक स्थगित हो गई थी।