बहुचर्चित एसपी-अनिल विज विवाद के लगभग तीन माह बाद स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज एक बार फिर से फतेहाबाद में कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बार उनके सामने लगभग 15 मामलों को निपटारे के लिए रखा जाएगा लेकिन सबकी निगाहें शिकायत नंबर पांच पर होगी।
इस नंबर पर रतिया के गांव अलीका में अवैध शराब की बिक्री संबंधी शिकायत आई थी, जिस पर पुलिस अपनी रिपोर्ट देगी। गौरतलब है कि तीन माह पहले तत्कालीन एसपी संगीता कालिया एवं अनिल विज के बीच विवाद की वजह भी रतिया में नशे की बिक्री ही थी। ऐसे में इस बार इस शिकायत पर अनिल विज और वर्तमान पुलिस अधीक्षक ओपी नरवाल के रवैये पर भी सबकी नजरें रहेंगी।
इसके अलावा कष्ट निवारण समिति की बैठक शुक्रवार को ई-दिशा केंद्र के सामने वाले हाल में आयोजित की जाएगी। पहली शिकायत टोहाना से बलराज मिस्त्री की रखी जाएगी, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि उसने टोहाना के ही कृष्ण कुमार के घर 31 दिन का कार्य किया था और उसने पैसे नहीं दिए थे।
चूंकि मामला निपट चुका है इसकी रिपोर्ट भी उनके सामने प्रस्तुत की जाएगी। दूसरा मामला दहमन निवासी भले राम का रखा जाएगा, जिसमें उसने गांव के ही मनी राम पर उसके खेत से होकर आने वाली नाली को तोड़ने का आरोप लगाया था। तीसरा बड़ा मामला टोहाना के जगदीश कुमार का रखा जाएगा, जिसमें उसने संजय पर आरोप लगाया था कि उसने उसे मृत दिखाकर उसकी बुढापा पेंशन बंद करवा दी। चौथा मामला लाजवंती निवासी बीघड़ का रखा जाएगा।
पांचवां मामला गांव अलीका में गैर कानूनी ढंग से बिक रही शराब पर रोक लगवाने की मांग है, उसमें कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। छठे मामले में भोडियाखेड़ा निवासियों की शिकायत रखी जाएगी। सातवें मामले में भूथनकलां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों की शिकायत रखी जाएगी। आठवें मामले में दमकौरा रोड निवासी आशा रानी की शिकायत पर सुनवाई होगी, जिसमें उसने कहा कि अक्कावालीं में उसकी जमीन है जिस पर उसके जेठ वेदप्रकाश ने उसको पीटकर घर से निकाल लिया और अब वह मजदूरी करने में असमर्थ है।
नौवें मामले में भोडियाखेड़ा के सरपंच सहित अन्य गणमान्य लोगों द्वारा दी गई शिकायत पर सुनवाई होगी, जिसमें बैंककर्मियों पर पेंशन न देने का आरोप लगाया गया है। इसी तरह 10वें मामले में भोडियाखेड़ा गर्ल्स होस्टल में कात सफाई कर्मचारी दर्शना पर आरोप लगाया गया है कि वह छात्राओं को बहकाकर गलत काम करवाती है।
ग्यारहवें मामले में नकली बीज बाबत शिकायत पर सुनवाई होगी। बारहवें मामले में माजरा निवासी गुरचरण, 13वें मामले में रतिया निवासी बलवीर, राजेश आदि, 14वें मामले में टोहाना निवासी रोशनी व 15वें मामले में भट्टूकलां के सुंदर सिंह की शिकायत पर सुनवाई होगी।