रतिया। पुलिस ने 10वीं कक्षा के विद्यार्थी को जान से मारने की धमकी देने और दो हजार रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी सन्नी निवासी गांव अलावलवास को वीरवार को अदालत में पेश किया, जहां से आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
थाना सदर रतिया प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद ने बताया कि गांव अलावलवास निवासी विनोद कुमार ने बुधवार को शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनका नाबालिग बेटा, जो कक्षा दसवीं का छात्र है, स्कूल से घर लौटते समय गांव के ही सन्नी व 10-11 अन्य युवकों ने रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि युवकों के पास काप्पा, गंडासा, पिस्टल दिखाकर डराया। इसके बाद छात्र अपने पिता की दुकान पर पहुंचा। बेटे को धबराया हुए देख विनोद ने पूछा तो उसने आपबीती बताई।
आरोप है कि आरोपियों ने इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से रात करीब 8:20 बजे दुकान लूटने की धमकी दी और ऑडियो संदेश भेजकर नाबालिग की जान की सलामती के बदले 2 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। शिकायत के आधार पर थाना सदर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज आरोपी सन्नी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।