लघु सचिवालय के बाहर बने शौचालयो पर लटका ताला। संवाद
टोहाना। शहर में नगर परिषद ने आमजन की सुविधा के लिए लाखों रुपये की लागत से अलग-अलग जगहों पर सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण करवाया था। देखरेख न होने से अब इन शौचालयों पर ताले लटके हैं। जिस कारण से लोगों को इनका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
शहर के डांगरा रोड स्थित लघु सचिवालय के मुख्य गेट पर बने शौचालय पर लंबे समय से ताले लटके होने से इसका कोई लाभ जनता को नहीं मिल रहा है। लोगों ने सरकार व प्रशासन से इस समस्या का संज्ञान लेकर जल्द इनके ताले खोलने की गुहार लगाई है ताकि इनका लाभ लोगों को मिल सके।
ये बोले आमजन
उकलाना के बुढ़ाखेड़ा से आए वेदप्रकाश, शहर के रहने वाले वीरेंद्र, वीरभान, रमेश व शमशेर ने बताया कि प्रशासन ने लाखों रुपये की लागत से ये सार्वजनिक शौचालय बनवाए हैं। जिन पर ताले लगे होने से जनता परेशान है। लोगों ने कहा कि प्रदेश सरकार जिले को खुले में शौच मुक्त बनाए जाने के लिए प्रयास कर रहे है लेकिन सार्वजनिक शौचालयों पर लटके ताले अभियान को खराब कर रहे हैं।
-
स्वच्छता सर्वेक्षण में पिछड़ा टोहाना
स्वास्थ्य सर्वेक्षण 2024 में टोहाना शहर पिछड़ा है। टोहाना प्रदेश स्तर पर पिछले सर्वेक्षण में 38वें स्थान पर था लेकिन इस बार 51वें स्थान पर रहा है। यही नहीं टोहाना और जाखल शहर को सर्वेक्षण के दौरान कचरे के निस्तारण को लेकर शून्य अंक मिले हैं। जिला नगर आयुक्त संजय बिश्नोई जब टोहाना में निरीक्षण के लिए आए थे तो इन शौचालयों को महिला सेल्फ ग्रुप को देने की बात अधिकारियों को कह गए थे ताकि उनकी संभाल हो सके लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।