फतेहाबाद के न्यायिक परिसर में बने वकीलों के नए चेंबरों को लेकर बवाल मच गया है। वीरवार को इन चेंबरों का उद्घाटन होना था, लेकिन कुछ वकीलों ने इसका विरोध करना आरंभ कर दिया। आरोप था कि एक तो शुक्रवार को ही बार एसोसिएशन के चुनाव हैं और आचार संहिता का माहौल है, लेकिन फिर भी बिना कंपलीट हुए चैंबरों का उद्घाटन करवाया जा रहा है। वकीलों ने इसके खिलाफ दोपहर तीन बजे तक धरना भी दिया। बाद में सीनियर एडवोकेट संत कुमार टुटेजा के हाथों चेंबरों का उद्घाटन किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, न्यायिक परिसर में वकीलों के चेंबरों के लिए दूसरे फेज का काम चल रहा था और लगभग यह पूरा हो चुका है। इसको लेकर वीरवार को ही बार एसोसिएशन की ओर से इसके उद्घाटन की घोषणा कर दी गई। इन चेंबरों के उद्घाटन के लिए विधायक दुड़ाराम को आना था, लेकिन इससे पहले ही वकीलों ने इसका विरोध आरंभ कर दिया।
धरने पर बैठे वकील सुशील बिश्रोई, सूबे सिंह मारोठिया, सुभाष जांगू, वकील रामानंद, पवन टांडी, नरेश शर्मा, सूरजभान लोटासरा ने बताया बार में वकीलों के लिए दूसरे फेज में नए चेंबर बनाए गए हैं। अभी तक इन चेंबरों का निर्माण पूरा नहीं हुआ है और इसमें धांधली भी बरती गई है। उन्होंंने बताया कि चेंबरों में ना पानी की व्यवस्था है और ना ही बिजली के कनेक्शन दिए गए हैं।
साथ ही आरओ भी नहीं लगाए गए हैं। इन सभी सुविधाओं के लिए रुपये भी ले लिए गए हैं और बार प्रधान ने मनमानी करते हुए वीरवार को ही इन चेंबरों के उद्घाटन की घोषणा कर दी। उन्होंने बताया कि बार का चुनाव शुक्रवार को होना है और ऐसे में आचार संहिता लगी हुई है। सभी नियम व कानूनों को दरकिनार करते हुए यहां पर चेंबरों का उद्धाटन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले काम होने चाहिए, इलेक्शन के बाद जो मर्जी करवाएं, लेकिन इससे पहले यह उद्घाटन नहीं होने चाहिए।
इस कार्यक्रम में विधायक दुड़ाराम ने शिरकत करनी थी, लेकिन वे नहीं पहुंचे। जिसके बाद सीनियर एडवोकेट संत कुमार, प्रवीण जिंदल, आत्मा राम डेलू, बार प्रधान नरेश सोनी, उपप्रधान नवीन नारंग, सचिव समीर सिहाग, वित्त सचिव लवप्रीत मेहता, सह सचिव चंद्र रॉयल सहित अनेक वकीलों की मौजूदगी में उद्घाटन कर दिया गया।