कुलां। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के आह्वान पर शनिवार को कुलां चौक पर किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने लखीमपुर खीरी कांड के शहीद किसानों और पत्रकार को श्रद्धांजलि दी। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने लखीमपुर खीरी कांड के दोषियों को सजा देने की मांग की। उन्होंने मामले में गिरफ्तार किसानों को रिहा करने की भी मांग उठाई। किसान सभा के जिला उपप्रधान जगतार सिंह ने बताया कि 3 अक्तूबर 2021 को लखीमपुर खीरी में घटना हुई थी। प्रदर्शन कर रहे किसानों को वाहन से कुचला गया, जिसमें चार किसानों और पत्रकार रमन कश्यप की मौत हुई।
एसकेएम 3 अक्तूबर को लखीमपुर खीरी शहीद दिवस के रूप में मनाता है। जगतार सिंह ने कहा कि शहीद किसानों और पत्रकार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
आगामी आंदोलन की रणनीति
जगतार सिंह ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा 12 अक्तूबर को करनाल में बैठक करेगा। इस राष्ट्रीय परिषद की आम सभा में आगामी आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। एसकेएम ने 3 से 23 अक्तूबर तक ग्राम स्तर पर महापंचायतों का कार्यक्रम भी घोषित किया है। उन्होंने ग्रामीणों से किसानों की मांगों के लिए व्यापक संघर्ष को तैयार रहने की अपील की। इस अवसर पर केवल सिंह रत्ताथेह, बलविंद्र सिंह धारसूल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।