किरढ़ान रोड़ पर कटे पेड़ के तने व साथ से गुजर रही बिजली की तारें जहां मजदूर को करंट लगा। स्त्रो
भट्टू कलां। गांव किरढ़ान से शेखुपुर दड़ौली रोड पर शुक्रवार को सूखे पेड़ काटते समय मजदूर बूटा सिंह (48) की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अन्य मजदूरों के साथ फॉरेस्ट कॉरपोरेशन सिरसा डिविजन की पेड़ कटाई कार्य में लगे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा।
पुलिस के अनुसार गांव महोब्बतपुर सोत्तर निवासी बूटा सिंह सूखा पेड़ काट रहा था। पेड़ का तना अचानक कटकर पास की घरेलू बिजली लाइन पर गिर गया और वह तार की चपेट में आ गया। इससे उसे तेज झटका लगा और वह अचेत हो गया। साथ काम कर रहे लोग उसे तुरंत भट्टूकलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सक ने जांच के बाद बूटा सिंह को मृत घोषित कर दिया।
मृतक बूटा सिंह के तीन बेटियां और एक बेटा हैं जिनमें दो बेटियां विवाहित और एक बेटा व एक बेटी अविवाहित है। विद्युत निगम भट्टूकलां के एसडीओ विपिन ने कहा कि पेड़ कटाई के दौरान बिजली आपूर्ति बंद करने की कोई अनुमति नहीं ली गई थी और उन्हें इस घटना की पूर्व सूचना नहीं मिली। थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल फतेहाबाद भेजा गया है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।