गांव चंद्रावल के खेत में शनिवार रात किसान की तेजधार हथियार से कई बार वार कर हत्या कर दी गई। रविवार सुबह किसान का शव खून से लथपथ हालत में नरमा के पौधों के नीचे मिला। भूना थाना पुलिस ने मृतक के भाई बलवान सिंह की शिकायत पर अज्ञात हत्यारोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और 34 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
खेत में रात्रि को गया था पानी लगाने
गांव चंद्रावल निवासी 40 वर्षीय किसान बलवीर सिंह शनिवार की देर शाम को खेत की ढाणी से करीब एक किलोमीटर दूर ठेके पर ली हुई जमीन से अपने बेटे 12 वर्षीय गौरव को बैलगाड़ी पर घास फूस लादकर घर के लिए रवाना कर दिया था। उसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर हेलमेट लगाया हुआ व्यक्ति आया और बलवीर सिंह को बिठा कर ले गया। हेलमेट लगा होने के कारण गौरव मोटरसाइकिल चालक की पहचान नहीं कर सका। कुछ देर बाद बलवीर सिंह अपनी ढाणी में आया और नरमे के खेत में पानी लगाने की बात कह कर चला गया। किसान बलवीर सिंह का हिस्सेदार बनारसी कासनिया भी खेत में गया था। बलबीर सिंह ने बनारसी को कहा कि आप घर चले जाओ रात्रि 11 बजे तक बिजली रहेगी। इसलिए में नरमा की फसल में पानी लगा कर आ जाऊंगा। किसान बलवीर सिंह रात्रि 12 बजे तक अपने खेत की ढाणी में नहीं पहुंचा तो परिजनों ने खेत में जाकर तलाशना शुरू किया। रविवार सुबह परिवार के लोगों ने खेत में छानबीन की। दोपहर बाद नरमे के पौधों के नीचे बलवीर सिंह का खून से लथपथ हालत में शव मिला। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कपिल कुमार सिहाग घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव की जांच की तो बलवीर सिंह की गर्दन पर तेजधार हथियार से तीन व जांघ पर एक वार किया हुआ था। पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में पोस्टमार्टम करवाकर देर शाम को परिजनों को सौंप दिया।
दो बेटों का बाप था बलवीर : बलवीर सिंह की शादी करीब 13 वर्ष पहले बड़सीकरी गांव की मंजीत के साथ हुई थी। उसके 12 वर्षीय गौरव व 9 वर्षीय अमन बेटे हैं। बलवीर सिंह की पत्नी मंजीत अपने मायके गई हुई थी। बलवीर की हत्या की सूचना मिलते ही मंजीत रोती हुए अपने घर पहुंची।
किसान साढ़े 3 एकड़ का था मालिक : चंद्रावल निवासी बलवीर सिंह व बलवान सिंह दो सगे भाई हैं। जिनके पास 7 एकड़ जमीन है। उपरोक्त दोनों भाई अलग-अलग रहते हैं और जमीन का बंटवारा किया हुआ है। इसलिए बलवीर सिंह के पास साढ़े तीन एकड़ भूमि थी। इसके अतिरिक्त किसान आसपास के एरिया की जमीन को ठेके पर भी लेता था। इसके कारण परिवार का गुजारा हो रहा था। बलवीर ने रामकिशन कासनिया से पौने 13 एकड़ जमीन 3 किसानों ने मिलकर ठेके पर ली थी।
किसी से नहीं थी दुश्मनी और न ही करता था कोई नशा
मृतक के बड़े भाई बलवान सिंह ने शिकायत में पुलिस को बताया कि बलवीर सिंह की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। वह किसी भी प्रकार का नशा नहीं करता था। वह सीधा-साधा इंसान था। उसकी निर्मम हत्या करने पूरे चंद्रावल गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। उधर हत्याकांड का पर्दाफाश करने के लिए सीआईए फतेहाबाद व भूना पुलिस कर्मी सिविल वर्दी में सुराग लगाने में जुटे हुए हैं।
हत्यारोपी की तलाश जारी : एसएचओ : बलवीर सिंह की हत्या तेजधार हथियार से की गई है। हमलावर ने तीन वार गर्दन व एक वार जांघ पर किया हुआ था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
- कपिल कुमार सिहाग, थाना प्रभारी, भूना।