संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। बहबलपुर स्थित मुख्त्यार सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज के क्रिकेट मैदान में 10 दिन तक चली जिलास्तरीय ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता मंगलवार को संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में जिले की 32 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का फाइनल सिरसा जिले के गांव ख्योवाली और फतेहाबाद के रत्ताखेड़ा की टीम के बीच खेला गया। इसमें ख्योवाली की टीम ने 112 रन बनाकर जीत दर्ज की।
भारतीय जनवादी नौजवान सभा की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा रहे, जबकि अध्यक्षता कॉलेज चेयरमैन डॉ. हरमिंदर सिंह ने की। सभा के जिला सचिव शाहनवाज एडवोकेट ने बताया कि प्रतियोगिता के सेमीफाइनल चरण तक भरपूर, खुम्बर, अहलीसदर, रत्ताखेड़ा, नाढोडी, नंगथला, नन्हेड़ी, धांगड़ और ख्योवाली की टीमों ने स्थान बनाया। कड़े मुकाबलों के बाद ख्योवाली और रत्ताखेड़ा की टीम फाइनल में पहुंचीं।
विजेता ख्योवाली टीम को 41 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता रत्ताखेड़ा टीम को 31 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। समापन समारोह में सीनियर अधिवक्ता हरजीत सिंह संधू, विनय शर्मा एडवोकेट, समाजसेवी सुरेन्द्र बत्रा, संजीव गेरा, नागरिक अधिकार मंच के राजीव सेतिया व पार्षद मोहन लाल नारंग पहुंचे।