फतेहाबाद में किसान को सम्मानित करते कैबिनेट मंत्री बेदी।
फतेहाबाद। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत बुधवार को जिले के 76,947 लाभार्थी किसानों के खातों में 15.39 करोड़ रुपये की सम्मान राशि सीधे वितरित की गई। राष्ट्र स्तरीय कार्यक्रम दक्षिण भारत प्राकृतिक कृषि शिखर सम्मेलन तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री ने लाइव भागीदारी की।
जिलास्तरीय कार्यक्रम जिला मुख्यालय के लघु सचिवालय के पास स्थित डीपीआरसी हॉल में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि इस योजना से छोटे किसानों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि जिले के 76,947 किसानों को सम्मान राशि सीधे उनके खातों में भेजी गई। डीपीआरसी हॉल में आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होना था, लेकिन मुख्य अतिथि मंत्री कृष्ण बेदी दोपहर करीब डेढ़ बजे पहुंचे, जिससे जिले के अधिकारी लगभग ढाई घंटे तक इंतजार करते रहे। इस दौरान उपायुक्त डॉ. विवेक भारती, कृषि विभाग के उपनिदेशक राजेश सिहाग, क्यूसीआई के डॉ. जंगीर सिंह, डॉ. राजपाल, और बागवानी अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार माैजूद रहे।