रतिया। राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल मैदान में चल रही मास्टर प्रीमियर लीग में कलोठा स्ट्राइक ने मंगत के शानदार शतक की बदौलत ग्रोवर सुपर किंग को एकतरफा मुकाबले में 137 रनों से शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कलोठा स्ट्राइक की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में मंगत के आक्रामक 107 रनों के शतक की मदद से 268 रनों का स्कोर खड़ा किया।
भारी-भरकम लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्रोवर सुपर किंग की पूरी टीम 131 रनों पर सिमट गई। इस तरह कलोठा स्ट्राइक ने मैच 137 रन से अपने नाम कर लिया। मैच के दौरान नागपुर गांव के ब्लॉक समिति उपप्रधान मनी और कुलविंदर बतौर अतिथि उपस्थित रहे। स्कोरर की भूमिका सौरभ जिंदल ने निभाई।
प्रतियोगिता के एक अन्य रोमांचक मुकाबले में मेहर सुपर किंग्स ने निधि ग्लास वॉरियर्स को 6 रन से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले खेलने उतरी मेहर सुपर किंग्स की टीम 16.2 ओवर में 137 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से बबलू स्पिनर ने 32 गेंदों पर 4 चौकों व 4 छक्कों की मदद से 54 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। पिंदी खोखर ने 17 गेंदों पर 25 रन बनाए।
निधि ग्लास वॉरियर्स की ओर से गेंदबाजी में बिट्टू सैनी ने 24 रन देकर 3 और हैरी मोनू ने 26 रन देकर 3 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी निधि ग्लास वॉरियर्स की टीम 131 रन पर ढेर हो गई। हैरी मोनू ने सर्वाधिक 24 रन बनाए। मेहर सुपर किंग्स के गेंदबाज राहुल चौहान ने 4 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट चटकाए। बबलू स्पिनर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
लीग के तीसरे मैच में मराठा टाइगर्स ने येशव नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए येशव नाइट राइडर्स की टीम 19 ओवर में 9 विकेट पर केवल 91 रन ही बना सकी। आशी गर्ग ने नाबाद 24 और काला सैनी ने 21 रन का योगदान दिया। मराठा टाइगर्स की ओर से हरविंदर रतिया ने 12 रन देकर 3 विकेट, परवीन मराठा ने 9 रन देकर 2 विकेट और कश्मीर गुज्जर ने 2 विकेट लिए।
जवाब में मराठा टाइगर्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और 9.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 92 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। कश्मीर गुज्जर ने 23 गेंदों पर 4 चौकों व 2 छक्कों की मदद से 41 रनों की पारी खेली। कृष्ण ने 15 और लवदीप मान ने 11 रन बनाए। येशव नाइट राइडर्स के गेंदबाज आशी गर्ग ने 14 रन देकर 4 विकेट लिए लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।
मैच में बेहतर प्रदर्शन के लिए कश्मीर गुज्जर को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। इस दौरान कमेटी के सदस्य सौरभ जिंदल, मनमोहन डीपी, मोनू डीपी, रॉबिन सुखीजा, गोल्डी जियो फाइबर, लवदीप मान, मोहन सैनी, रिंपी मार्डे, सतीश पटवारी एवं सुरेंद्र चौहान उपस्थित रहे।
फोटो मैच से पहले टॉस करवाते हुए मुख्यातिथि :संवाद