टोहाना। विधानसभा चुनाव को लेकर टोहाना विधानसभा क्षेत्र से सभी प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के नाम की घोषणा हो चुकी है। इनमें से कुछ प्रत्याशियों ने अपना नामांकन भी दाखिल करवा दिया है। शेष बचे प्रत्याशी अंतिम दिन बुधवार को अपना नामांकन पत्र दर्ज करवाएंगे। वीरवार को कांग्रेस प्रत्याशी परमवीर सिंह, जजपा प्रत्याशी हवा सिंह खोबड़ा, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सुखविंदर गिल, सीपीआईएम से जगतार सिंह अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
बुधवार को आम आदमी पार्टी ने सिख चेहरे सुखविंदर सिंह गिल और जननायक जनता पार्टी ने मार्केटिंग बोर्ड से 30 जून को सेवानिवृत्त हुए जेडएमईओ हवा सिंह खोबड़ा को मैदान में उतारा है। इससे अब टोहाना में नए राजनीतिक समीकरण बनेंगे। दरअसल, भारतीय जनता पार्टी ने जाट समुदाय से संबंध रखने वाले पूर्व पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली को प्रत्याशी बनाया हुआ है। इनेलो-बसपा गठबंधन से भी युवा जाट चेहरे कुणाल करण को उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस ने राय सिख परिवार से परमवीर सिंह और सीपीआईएम ने जगतार सिंह को टिकट दी है। ऐसे में जजपा ने एससी वोट बैंक में सेंध लगाने के लिए हवासिंह खोबड़ा को टिकट थमाया है। आप ने जट सिख सुखविंदर गिल पर दांव खेल दिया है। वहीं, किसान नेता नरेंद्र कुमार आजाद प्रत्याशी के तौर पर मैदान में हैं।
खोबड़ा की एससी वर्ग में अच्छी पैठ
इनेलो-बसपा का गठबंधन होने के चलते एससी व जाट वर्ग का वोट बैंक इनेलो के साथ जाने के कयास लगाए जा रहे हैं। ऐसे में हवा सिंह खोबड़ा को मंगलवार को पहले जजपा में शामिल करवाया गया। उसके बाद टिकट दे दिया गया। खोबड़ा एससी समाज के मतदाताओं में अपनी अच्छी पकड़ रखते हैं। माना जा रहा है कि जजपा के प्रदेश प्रवक्ता जतिन खिलेरी अपने बिश्नोई समाज के वोट जजपा की तरफ शिफ्ट करवा सकते हैं। अगर एससी वर्ग का वोट बैंक भी शिफ्ट हुआ तो जजपा ठीक स्थिति में रह सकती है। आम आदमी पार्टी पंजाब के साथ लगता टोहाना क्षेत्र होने के कारण यहां जट सिख उम्मीदवार के जरिए बढ़त बनाने की कोशिश में हैं।