रतिया। गैरी खोखर की 91 रन की आक्रामक पारी की बदौलत जीवा एंड युवी टाइगर्स ने रतिया प्रीमियर लीग (आरपीएल) सीजन-2 के मुकाबले में आनंद रॉयल्स को हराकर जीत दर्ज की। राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में खेले गए मैच में टीम ने 208 रन का लक्ष्य 16.2 ओवर में हासिल कर लिया।
टॉस जीतकर जीवा एंड युवी टाइगर्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी आनंद रॉयल्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 207 रन बनाए। इसके बाद 208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीवा एंड युवी टाइगर्स ने आक्रामक शुरुआत की।
गैरी खोखर ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए 91 रन बनाए। उनकी पारी ने टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। टीम ने तेज रन गति बनाए रखी और 16.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मैच के दौरान अशोक मदान, अपार इंसान, स्वर्ण सिंह शम्मी, जगसीर जग्गा, प्रिंस कनाडा, अमृतपाल सिंह नांगल, नरेंद्र कटारिया, सुखचैन सुख, विनय जिंदल और लवदीप मान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया। आरपीएल सीजन-2 के आयोजन में सम्राट सग्गू, प्रवीण मराठा, गोबिंद सैनी, पीयूष अरोड़ा, सतीश पटवारी, गुरजंट सिंह, हैप्पी शर्मा सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।