टोहाना में भी जाट आरक्षण की आग लगातार भड़कती जा रही है, जिसके चलते शुक्रवार को गांव कालवन, गाजुवाला- हंसेवाला, रत्ताखेडा-अमानी में जाट समुदाय के लोगों ने रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया तथा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। टोहाना क्षेत्र के गांव समैण व भीमेवाला में प्रदर्शनकारी सड़क पर टेंट लगाकर बैठ गए। गांव भीमेवाला में प्रदर्शनकारियों के लिए धरनास्थल पर चाय व खाने का भी इंतजाम किया हुआ था तथा रोड पर पेड़ काटकर जाम लगाया हुआ था।
जाट आंदोलन के तीसरे दिन जाटों ने आखिरकार अमानी, गाजूवाला व कालवन में रेलवे ट्रैक को भी जाम कर दिया। इससे इस रूट पर भी रेलमार्ग पूरी तरह ठप हो गया। गुस्साए जाटों ने कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी के खिलाफ नारेबाजी भी की।
गांव गाजूवाला में रेलवे ट्रैक जाम की सूचना पाकर आरपीएफ पटियाला इंस्पेक्टर मुकेश कुमार, तहसीलदार नवदीप नैन, थाना सदर प्रभारी प्रदीप कुमार प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के पैतृक गांव डांगरा में गंाव के बस स्टैंड चौक पर दर्जनों जाट समुदाय के युवाओं ने लगातार दूसरे दिन भी जाम लगा दिया। वहीं गांव कन्हडी, समैण, भीमेवाला में जाट समुदाय के सैंकड़ों लोगों ने हिसार-चंडीगढ़ रोड पर लगातार तीसरे दिन भी जाम रखा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों को काफी परेशानी हुई।