संवाद न्यूज एजेंसी
टोहाना। इनेलो नेता कुणाल करण सिंह के फार्म हाउस पर बुधवार को इनेलो की विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला अध्यक्ष बिकर सिंह हड़ौली भी मौजूद रहे। बैठक में 20 फरवरी को पंचकूला में होने वाले विरोध प्रदर्शन को लेकर रणनीति बनाई गई।
कुणाल करण सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा बुजुर्गों की पेंशन में की जा रही कटौती के विरोध में इनेलो सड़क पर उतरेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नई-नई शर्तें लगाकर बुजुर्गों की पेंशन बंद कर रही है, जिससे वृद्धजन दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। इनेलो इस मुद्दे को मजबूती से उठाकर कटी हुई पेंशन को दोबारा बहाल करवाने के लिए संघर्ष करेगी।
उन्होंने कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल ने बुजुर्गों के सम्मान में पेंशन की शुरुआत की थी, लेकिन मौजूदा सरकार इसे खत्म करने पर तुली है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर इनेलो जिला कार्यकारिणी से हरि सिंह महरिया, किसान सेल से गुरचरण सिंह अमानी, अमृत सैनी, कपिल बंसल उपस्थित रहे।