फतेहाबाद। नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता के कार्यालय में मंगलवार को चेयरमैन राजेंद्र सिंह खिंची ने पार्षदों के साथ विकास कार्यों को लेकर रिव्यू बैठक की। इसमें पार्षदों ने नगर परिषद की तकनीकी शाखा पर जमकर भड़ास निकाली। पार्षदों ने कहा कि शहर में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं, ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं। वर्क ऑर्डर देने के बाद भी काम शुरू नहीं किया जा रहा है।
कार्यकारी अभियंता ज्ञान प्रकाश ने कहा कि पहले क्या हो रहा था, मुझे नहीं पता है। पार्षद जो काम देंगे, नियम अनुसार वही करवाए जाएंगे। पार्षदों ने कहा कि नगर परिषद वार्ड पार्षदों को संबंधित काम के एस्टीमेट की कॉपी उपलब्ध करवाए ताकि पता चल सके कि ठेकेदार ने क्या-क्या काम करने हैं। बैठक में नगर परिषद चेयरमैन ने पहले दिन वार्ड 1, 2, 3 और 26 व 27 के पार्षदों को रिव्यू के लिए बुलाया। संबंधित वार्डों के पार्षदों से काम को लेकर रिव्यू लिया गया।
बैठक में पार्षद अनिल गर्ग, मोहन लाल नारंग, प्रतिनिधि पंछीराम, रवि मेहता, निर्मल सिवाच मौजूद रहे। पार्षद मोहन लाल नारंग ने कहा कि जो साइन बोर्ड लग रहे है वह गलत हैं। इनके साइज छोटे है। पार्षद अनिल गर्ग ने कहा कि उनके वार्ड में तीन रिचार्ज बोर लगने हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं है। पार्षद निर्मल सिवाच ने कहा कि उनके वार्ड में अब तक कोई काम नहीं हुआ है। अधिकारी सुनवाई नहीं करते हैं। मई माह में एजेंसी को वर्क ऑर्डर दिया था लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं किया गया है। कार्यकारी अभियंता ने कहा कि संबंधित एजेंसी को नोटिस दिए जा रहे हैं।
-
पार्षद बोले, चेयरमैन साहब हाउस बैठक बुलाएं
समीक्षा बैठक में पार्षदों ने चेयरमैन राजेंद्र सिंह खिंची से मांग की कि हाउस बैठक बुलाई जाए। इस बैठक में शहर के विकास कार्यों को लेकर चर्चा की जाएगी। चेयरमैन ने कहा कि जल्द बैठक बुलाई जाएगी। इसको लेकर बुधवार को फैसला लिया जाएगा कि कब बुलाई जा सकती है।
-
वार्डों में विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक शुरू की गई है। जिसमें पार्षदों से रिव्यू लिया जा रहा है। सभी के साथ चर्चा की जाएगी। हाउस बैठक को लेकर ईओ को पत्र एक सप्ताह पहले लिखा जा चुका है।
- राजेंद्र सिंह खिंची, चेयरमैन, नगर परिषद, फतेहाबाद।